वाराणसी में मोदी बनाम प्रियंका पर रॉबर्ट वाड्रा ने तैयार होने का किया इशारा।
सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि प्रियंका वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रियंका गांधी को कांग्रेस में पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद से ही उनके चुनाव लड़ने या ना लड़ने पर बहस जारी है। इस पर सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि प्रियंका वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं। इस बारे में जब प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा से पूछा गया तो उन्होंने कोई सीधा जवाब तो नहीं दिया लेकिन इशारों-इशारों में यह जरूर जता दिया कि प्रियंका इसके लिए तैयार हैं। वाड्रा ने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, हम उसे निभाएंगे। रॉबर्ट वाड्रा से जब यह पूछा गया कि जनता नरेंद्र मोदी या राहुल गांधी में से किसके वादों पर भरोसा करेगी तो उन्होंने कहा, ‘हमलोग मेहनत कर रहे हैं और जनता बदलाव चाहती है। इस बार कांग्रेस पार्टी की जीत होगी क्योंकि हम लगन और मेहनत के साथ काम कर रहे हैं।’ रॉबर्ट वाड्रा से जब पूछा गया कि क्या प्रियंका गांधी वाराणसी से नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी, इसपर उन्होंने कहा, ‘पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसके लिए पूरी मेहनत से लड़ेंगे और काम पूरा करेंगे। हालांकि, इसपर आखिरी फैसला पार्टी करेगी।’ बताते चलें कि प्रियंका गांधी खुद भी इशारों-इशारों में ही वाराणसी से चुनाव लड़ने के बारे में संकेत दे चुकी हैं। रॉबर्ट वाड्रा से जब उनपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और ईडी पूछताछ के बारे में पूछा गया तो वाड्रा ने कहा, ‘मैंने और मेरे बच्चों ने भी परेशानियां झेली हैं लेकिन आखिर में जीत सच की ही होती है। मुझे जहां बुलाया जाएगा, मैं वहां पूछताछ के लिए जाऊंगा।’