PM बनने के लिए 20-25 सीट पर चुनाव लड़ने वाले भी घुंघरू बांधकर तैयार हो गए – पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए 20-25 सीटों पर लड़ने वाले लोग भी घुंघरू बांधकर तैयार हो गए।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को झारखंड और प. बंगाल में चुनावी रैलियां कीं। प. बंगाल के बीरभूम में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए 20-25 सीटों पर लड़ने वाले लोग भी घुंघरू बांधकर तैयार हो गए। मोदी ने कहा कि मैंने कहीं सुना की दीदी (ममता बनर्जी) कह रही हैं कि चायवाला 5 साल तक विदेश यात्राओं में व्यस्त रहा। लेकिन, मैं बता दूं कि आज दुनिया को भारत की ताकत का अहसास इन्हीं विदेश यात्राओं के जरिए हुआ।मोदी ने झारखंड के लोहरदगा में कहा- विपक्ष ने हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की तैयारी कर ली है, जैसे कोई बच्चा परीक्षा के नतीजों से पहले परेशानी गिनाने लगता है। जब तक मोदी है, तब तक आपकी जमीन, जंगल और परिवार को कोई पंजा हाथ नहीं लगा पाएगा। देश की जनता अपने चौकीदार पर प्यार बरसा रही है तो बेचारी ईवीएम को गाली खानी पड़ रही है। जो लोग दिन में तीन बार पीएम बनने के सपने देखते हैं। उनके सपने चूर-चूर हो गए। हम देश को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली में मजबूत सरकार बनी तभी हम नक्सलवाद और माओवाद पर काबू पा सके हैं। झारखंड के उन इलाकों में जहां लोग दिन में निकलने से डरते थे, वहां स्थितियां बदल रही हैं।”प्रधानमंत्री ने कहा, ”झारखंड के युवा मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। दिल्ली में बैठकर गांव-देहात की बात करने वालों को इस परिवर्तन को देखना चाहिए। आज आतंकवाद सबसे बड़ी चुनौती है। ईस्टर के दिन आतंकियों ने श्रीलंका में धमाके किए। यह दिन मानवता का प्रतीक है और आतंकियों ने प्रार्थना कर रहे लोगों की जान ले ली। कुछ साल पहले भारत में भी ऐसा ही माहौल था। पाक आतंकी भेजता था और कांग्रेस उनकी मौत पर डर-डर कर आंसू बहाने लगती थी। पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देने का काम आपके चौकीदार ने किया है। हमने आतंकियों को घर में घुसकर मारा। आतंकियों को भारत के खिलाफ किए हर गुनाह की सजा जरूर मिलेगी।”मोदी ने कहा, “वे (विपक्ष) कभी नहीं मानेंगे कि पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक हुई। कांग्रेस सेना पर शक कर रही है। झारखंड से जो बेटे-बेटी फौज में गए हैं, उनकी नीयत पर शक किया जा सकता है क्या? लेकिन कांग्रेस इस पर शक कर रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा कि फौज में तो वही नौजवान जाते हैं, जिन्हें दो वक्त की रोटी नसीब नहीं होती। ऐसी सोच रखने वालो डूब मरो। कांग्रेस क्या भाषा बोल रही है। देश का सपूत दुश्मन को मारने और जरूरत पड़ने पर सीने पर गोली खाने के लिए मां के पैर छूकर घर से निकलता है।