पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में रक्षा सौदों को एटीएम की तरह इस्तेमाल किया गया : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेसी अपने पूर्वजों के नाम पर वोट मांग रहे हैं।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हिमाचल में 19 मई को अंतिम चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार दिन के भीतर सोमवार को हिमाचल में दूसरी चुनावी जनसभा की। सोलन के ठोडो मैदान में दोपहर बाद विजय संकल्प रैली में पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में रक्षा सौदों को एटीएम की तरह इस्तेमाल किया गया।देश को आत्मनिर्भर बनने से रोका गया। जमीन से आसमान तक ऐसा कोई सौदा नहीं हुआ, जिसमें भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप न लगे हों। कांग्रेस के कार्यकाल में 70 प्रतिशत रक्षा सामग्री का आयात विदेशों से होता था लेकिन पिछले पांच सालों में 80 फीसदी उत्पादन यहीं हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेसी अपने पूर्वजों के नाम पर वोट मांग रहे हैं। लेकिन जब उनके पूर्वजों के कार्यकाल में हुए कामों का हिसाब मांगो तो जवाब मिलता है- ‘हुआ तो हुआ’।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नामदार जमानत पर हैं और हर रोज उन्हें गालियां देते हैं। नामदार का अहंकार सातवें आसमान पर है। कांग्रेस ने पिछले दस साल के शासन में देश की विकास दर को पांच प्रतिशत पर ला दिया, जबकि महंगाई दर को दस प्रतिशत तक पहुंचा दिया था। अब पिछले पांच सालों में विकास दर तेजी से बढ़ी है और महंगाई दर कम हुई है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति वोट कटुआ पार्टी के तौर पर बन गई है। 23 मई को इसका जवाब कांग्रेस के लोगों को मिल जाएगा। यह कांग्रेसी भी जान चुके हैं कि चुनाव का परिणाम क्या होगा लेकिन सभी कार्यकर्ताओं के लिए जरूरी है कि वे बिना कोई ढील छोड़े सभी घरों तक पहुंचें। इससे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय समेत अन्य नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया।