(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज अपनी पार्टी के 18 सांसदों के साथ रामलला का दर्शन करने के बाद ट्रंप कार्ड चल दिया है। ठाकरे ने रामलला का दर्शन करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की बात पर ही भाजपा के साथ गठबंधन किया था। अब देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है तो फिर मंदिर निर्माण की बात भी आगे बढऩी चाहिए।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैंने राम मंदिर की भावना को लेकर भाजपा से गठबंधन किया था। अब राम मंदिर बनना चाहिये। यही जन भावना है। अयोध्या में तो भव्य मंदिर बनेगा ही। उन्होंने कहा कि मैंने तो कहा था पहले मंदिर फिर सरकार। यहां आने के बाद देखा कि मंदिर निर्माण में गति आने लगी है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा पहले ठंडे बस्ते में पड़ा था, अब गति आने लगी है। शिवसेना प्रमुख ने कहा मोदी सरकार में राम मंदिर के लिए फैसला करने की शक्ति है। पीएम मोदी में हिम्मत है, अगर मोदी सरकार मंदिर बनाने के लिए कदम उठाती है तो हम साथ रहेंगे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि केंद्र सरकार राम मंदिर निर्माण का फैसला करे और जल्दी राम मंदिर बने। ऑर्डिनेंस लाकर मंदिर बनाया जाए।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपने बेटे आदित्य ठाकरे और 18 लोकसभा सहित 20 सांसदों के साथ रामलला का दर्शन किया। रामलला के दर्शन के बाद उद्वव ठाकरे ने कहा कि हमारी मांग है कि केंद्र सरकार कानून बनाकर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जल्दी शुरू करवाए। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द से जल्द राम मंदिर बनेगा। शिवसेना अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि मोदी सरकार अबकी बार राम मंदिर का निर्माण कराएगी। उद्धव ने कहा कि अभी मामला अदालत में है। इस बार केंद्र में मजबूत सरकार भी है और हम उनके साथ हैं। मोदी जी के पास फैसला लेने का साहस है। यदि सरकार राम मंदिर बनाने का फैसला लेती है तो फिर कोई इसे नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनकर रहेगा। हमारे लिए राम मंदिर चुनावी मुद्दा नहीं है। मैं अयोध्या आता रहूंगा और मंदिर भी जल्द बनेगा। अयोध्या ऐसी जगह है जहां बार-बार आने का दिल करता है और पता नहीं आगे कितनी बार आऊंगा। उन्होने कहा कि पिछले अयोध्या दर्शन में मैंने कहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद अपने सांसदों के साथ रामलला के दर्शन करने आऊंगा और उसी क्रम में मैं यहां आया हूं। अब रामलला के दर्शन करने के बाद शिवसेना सांसद कल से संसद में नई पारी शुरू करेंगे।
उद्धव ने कहा कि पिछली बार जब मैं आया था तो लोगों को लगा था कि मैं सियासत करने आया हूं, लेकिन मैंने उस वक्त नारा दिया था ‘पहले मंदिर फिर सरकार’। मैंने कहा था कि मैं चुनाव के बाद फिर आऊंगा और मैंने अपना वादा निभाया। आज कह रहा हूं कि अयोध्या में मंदिर ही बनेगा।
उन्होंने कहा कि हमारी शिवसेना के सभी 18 सांसद सदन में जाने के पहले राम लला का दर्शन कर नई पारी के शुरुआत करेंगे। संसद का सत्र कल से शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा तो यहां बार-बार आने का दिल करता है, लेकिन कुछ लोग कहते हैं कि हम मतलब तथा काम निकालने के लिए यहां आते हैं। लोग कहते थे आप दोबारा अयोध्या आएंगे। इस बार मैं फिर अयोध्या आया हूं यहां बार बार आने का दिल करता है मैं कितनी बार आऊंगा यह पता नहीं।
इससे पहले उद्धव ठाकरे ने रामलला के सामने अपने नवनिर्वाचित सांसदों के साथ हाथ जोड़कर कहा कि भगवान हमें कुछ ऐसी शक्ति दें जिससे जल्द आप का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो सके और हम उस भव्य मंदिर में आपके दर्शन करें। लोकसभा चुनाव 2019 में अपेक्षित सफलता मिलने से गदगद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे आज अयोध्या पहुंचे। उनके साथ उनकी पार्टी के 18 सासंदों ने आज यहां रामलला का दर्शन किया। पार्टी के मुखिया के साथ रामलला का दर्शन करने की खातिर शिवसेना के दस सांसद कल ही अयोध्या पहुंच गए थे जबकि आठ आज सुबह पहुंचे।