(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :प्रदेश में सोमवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, मौसम विभाग ने 18 जून को यलो वार्निंग जारी की है। विभाग ने संभावना जताई है कि मंगलवार को 50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलेगी। ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी, जबकि निचले क्षेत्रों में भी आंधी के साथ ओलावृष्टि होगी।वहीं, सोमवार को सुबह से ही प्रदेश में कई स्थानों पर वर्षा व ओलावृष्टि हुई। धर्मशाला में सबसे अधिक 23 मिलीमीटर, कांगड़ा में 17 व भुंतर में 10 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। कई स्थानों पर आंधी भी चली। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की थी।मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 जून को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को बर्फबारी और वर्षा के कारण तापमान में और गिरावट आएगी। राजधानी में दोपहर बाद मौसम के तेवर बदलने से वर्षा हुई और ठंडी हवाएं चलती रही।गौरतलब है कि सोमवार को ऊना ज़िले के बंगाणा व आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के बीच ओलावृष्टि हुई थी। इससे 40 डिग्री से अधिक पारे से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि ऊना शहर और आसपास धूप खिली रही। कई दिनों से लोग भीषण गर्मी से परेशान थे। इस वर्ष अभी तक ऊना का अधिकतम तापमान 45 डिग्री पार कर चुका है। मौसम में ठंडक का पूरे जिले के लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रात को न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी लोगों की परेशानी का सबब बनी हुई है।