नंदा देवी चोटी पर मरने वाले पर्वतारोहियों का आखिरी वीडियो जारी किया ITBP ने।
इस वीडियो के कुछ मिनट बाद ही वो हादसा हुआ जिसकी किसी ने भी कल्पना नहीं की थी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भारत में अब तक का सबसे कठिन और बड़े सर्च अभियान ‘ऑपरेशन डेयर डेविल’ के खत्म होने के एक सप्ताह के बाद अब भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने वो वीडियो जारी किया है, जो हादसे के आखिरी समय में बनाया गया था। एक मिनट 55 सेकेंड के इस वीडियो को पर्वतारोहियों की टीम के एक सदस्य ने हेलमेट में लगे कैमरे से शूट किया है। इस वीडियो के कुछ मिनट बाद ही वो हादसा हुआ जिसकी किसी ने भी कल्पना नहीं की थी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। आईटीबीपी ने सर्च अभियान के बाद टीम लीडर को छोड़कर बाकी सभी शव बरामद कर लिए हैं। आईटीबीपी के अधिकारियों के मुताबिक ये वीडियो मई के अंत में उस समय का है जब पर्वतारोहियों का यह समूह नंदा देवी पूर्वी चोटी की 7434 मीटर की ऊंचाई पूरा करने वाला था। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पर्वतारोही बर्फ की चादर पर कतार से गुजर रहे हैं।
Last visuals of the mountaineers' team near the summit on unnamed peak near the #NandaDevi east. ITBP search team of mountaineers found the memory video device at 19K ft while they were searching the area where bodies were spotted. pic.twitter.com/0BI87MEA8Y
— ITBP (@ITBP_official) July 8, 2019
वीडियो में सभी पर्वतारोही काफी सावधानी से चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इन लोगों ने अपने हाथ में एक रस्सी पकड़ी हुई है। यह विडियो एक धमाके की आवाज के साथ खत्म होता है। आईटीबीपी के अधिकारियों के मुताबिक वीडियो में सुनाई दे रही आवाज हिमस्खलन या बर्फ के तूफान की ध्वनि हो सकती है। धमाके की आवाज से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बर्फ जब गिरी तो सभी पर्वतारोही बर्फ के नीचे ही दब गए। गौरतलब है कि यह पर्वतारोही 25 मई को लापता हुए थे। इस हादसे के बाद आईटीबीपी के जवानों ने ऑपरेशन डेयर डेविल की शुरुआत की थी और तीन जुलाई को सात शवों को ढूंढ निकाला था। आईटीबीपी के मुताबिक ये वीडियो 19,000 फीट की ऊंचाई से लिया गया है।