हिमाचल : ढूंढने पर भी नहीं मिल रहे पर्यटकों को शौचालय ।
अगर मनाली कीरतपुर सड़क पर शौचालय की जरूरत पड़े तो वह ढूंढने से भी नहीं मिलेगा।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हिमाचल प्रदेश-थलौट-गुलाब महंत : केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार के स्वच्छ भारत अभियान में फोरलेन निर्माण एक अड़ंगा साबित हो गया है। प्रदेश के गली-मोहल्लों को साफ सुथरा रखने के प्रबंध राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे हैं परन्तु फोरलेन निर्माण का कार्य इस अभियान में बाधक बन कर सामने आ रहा है। बात ऐसी है कि अगर मनाली कीरतपुर सड़क पर शौचालय की जरूरत पड़े तो वह ढूंढने से भी नहीं मिलेगा। देखने मे आया है कि बजौरा से पंडोह के बीच कोई सार्वजनिक शौचालय नहीं है।इस मार्ग पर औट मे स्थित एक मात्र शौचालय फोरलेन की जद में आने से तोड़ा जा चुका है। परन्तु करीब एक साल बीत जाने के बाद भी शौचालय की कोई व्यवस्था नही की गई है। इस तरफ न ही प्रशासन ने कोई गौर किया न ही फोरलेन प्रबन्धन ने संज्ञान लिया। परिणाम यह है कि महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। ऐसे में लोगों द्वारा मजबूर होकर खुले में शौच जाने से स्वच्छ अभियान की सरेआम अनदेखी हो रही है। अब जब थलौट में पुलिस थाना, औद्योगिक केन्द्र, उच्च पाठशाला सहित अनेक दफ्तरों के लिए रिहायशी मकानों की सरकारी कालोनी बनाई गई है तो यहां पर सर्वाधिक शौचालय का निर्माण किए जाने की एक बड़ी मांग उठ गई है। यहां पर मुख्य मार्ग पर यातायात के दौरान अधिकतर लोग सार्वजनिक शौचालय के न होने के कारण स्वच्छता को अनदेखा कर रहे है। फोरलेन प्रबन्धन से भी मांग की गई है कि थलौट को खुला शौच से मुक्त करने के लिए तुरंत यहां पर शौचालय का निर्माण किया जाए।