अमेरिका ने कहा- भारत का बहाना बनाकर आतंकी संगठनों की मदद कर रहा PAK

वॉशिंगटन. अमेरिका ने कहा है कि पाकिस्तान आतंकी संगठनों की मदद के लिए भारत का बहाना बना रहा है। ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन के एक ऑफिशियल ने कहा, “पाक का ये कहना कि भारत उसे घेर रहा है, एक बहाना है और इसकी आड़ में वह आतंकी संगठनों को मदद दे रहा है।” इसके साथ ही ऑफिशियल ने वॉर टर्न अफगानिस्तान में भारत की डेवलपमेंट एक्टिविटीज को लेकर चिंता को खारिज कर दिया।
अफगानिस्तान में भारत की मौजूदगी से पाक को खतरा नहीं…
– न्यूज एजेंसी के मुताबिक यूएस की नेशनल सिक्युरिटी काउंसिल (NSC) के स्पोक्सपर्सन माइकल एंटॉन ने मंगलवार को कहा, “अफगानिस्तान में भारत की मौजूदगी से
पाकिस्तान को कोई खतरा नहीं है। भारत वहां न तो अपना मिलिट्री बेस बना रहा है, न ही सैनिकों की तैनाती कर रहा है। पाक की तरफ से इसका सिर्फ बहाना बनाया गया है।”
– “इस मामले में बुरी बात ये है कि पाकिस्तानी सरकार आतंकी संगठनों को सीधे सपोर्ट के लिए दोषी है, जबकि भारतीय अफगानिस्तान में ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं कि जिसे पाक का घेराव कहा जा सके, ये उन चीजों में से एक है, जिसकी पाक शिकायत करता रहता है।”
– बता दें कि NSC के स्पोक्सपर्सन माइकल एंटॉन का बयान इस मसले पर अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प की पाकिस्तान को दी गई वॉर्निंग के बाद आया है।
पाक आतंकियों का साथ देता रहा तो हम चुप नहीं बैठेंगे: ट्रम्प
– ट्रम्प ने सोमवार को अफगानिस्तान और बड़े साउथ एशिया रीजन पर अमेरिका की नई पॉलिसी जारी की थी। प्राइम टाइम पर अपने पहले टेलीविजन संबोधन में उन्होंने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी और कहा कि पाकिस्तान में लोग आतंकवाद से पीड़ित हैं, लेकिन आज पाकिस्तान आतंकियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह भी है। अगर वह आतंकियों को इसी तरह सुरक्षित पनाह देता रहेगा तो हम चुप नहीं बैठ सकते।
– ट्रम्प ने कहा, “पाकिस्तान अक्सर अराजकता के एजेंटों, हिंसा और आतंकवाद को सुरक्षित पनाह देता रहा है। अमेरिका द्वारा आतंकी संगठन करार दिए गए 20 संगठन अफगानिस्तान और पाकिस्तान में एक्टिव हैं। पाकिस्तान अगर अफगानिस्तान में हमारी कोशिशों में हमारा साथ देता है, तो उसके पास पाने के लिए बहुत कुछ होगा, लेकिन अगर वह आतंकियों के लिए इसी तरह सुरक्षित ठिकाना बना रहा तो उसे अंजाम भुगतना होगा।”
अफगानिस्तान में बड़ी भूमिका निभाए भारत
– ट्रम्प ने कहा था, “हम चाहते हैं कि भारत, अफगानिस्तान के डेवलपमेंट में बड़ी भूमिका निभाए। भारत, अमेरिका के साथ ट्रेड में अरबों डॉलर कमाता है, हम भारत के साथ एक गहरी रणनीतिक साझेदारी डेवलप करेंगे, लेकिन हम चाहते हैं कि वो अफगानिस्तान में हमारी ज्यादा मदद करे।”
– यूएस प्रेसिडेंट ने ये भी कहा, “इराक में जो गलती हो गई, अमेरिका उसे अफगानिस्तान में नहीं दोहराना चाहता। हम अफगानिस्तान में स्थिरता लाने में भारत के अहम योगदान की सराहना करते हैं।” ट्रम्प की भारत से उम्मीद को पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि पाक काबुल में नई दिल्ली की मौजूदगी का विरोध करता रहा है।
Leave A Reply