बेनजीर मर्डर केस: फैसले के खिलाफ़ अपील करेंगे जरदारी

इस्लामाबाद 

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) बेनजीर भुट्टो हत्या मामले में अदालत के फैसले के खिलाफ अपील करेगी। जियो न्यूज के मुताबिक, सिंध प्रांत के नवाबशाह शहर में ईद उल जुहा की नमाज अदा करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में जरदारी ने अपनी पत्नी की हत्या के मामले में आए फैसले पर नाखुशी जताते हुए कहा,’हम इस फैसले से खुश नहीं हैं। हम इसके खिलाफ अपील करेंगे।’

जरदारी ने बकरीद के अपने संदेश में कहा कि यह अवसर किसी उद्देश्य के लिए बलिदान देने की इच्छा का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा,’इस अवसर पर मैं अपने देश के लोगों से उन्हें याद करने का आग्रह करता हूं, जिन्होंने अपनी जिंदगियां कुर्बान कर दीं। हम हृदय से उनके ऋणी हैं।’

पीपीपी ने इससे पहले बेनजीर भुट्टो हत्याकांड पर आतंकवाद रोधी अदालत (एटीसी) के फैसले को ‘निराशाजनक’ करार देते हुए खारिज कर दिया और कहा कि पार्टी फैसले को चुनौती देगी। पार्टी ने एक बयान में कहा कि मामले में न्याय नहीं हुआ। पार्टी ने कहा कि सबूतों के बावजूद संदिग्ध अल कायदा और तालिबान आतंवादियों को बरी किया जाना चौंकाने वाला है और यह अल कायदा आतंकवादियों की जीत है।

Leave A Reply