(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): भारत में पाकिस्तान की शहबाज सरकार के खिलाफ बड़ी ‘डिजिटल स्ट्राइक’ हुई है। पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भारत में रोक लगा दी गई है। भारत के ट्विटर यूजर्स के लिए ये ट्विटर अकाउंट ब्लॉक है। ट्विटर की तरफ से बताया गया है कि एक लीगल शिकायत मिलने के बाद उसने ऐसा कदम उठाया है। माना जा रहा है कि भारत में देश विरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है।
केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पीएफआइ पर 5 साल का बैन लगाने के बाद उनके ट्विटर अकाउंट पर भी रोक लगा दी गई थी। बता दें कि केंद्र सरकार की शिकायत के बाद ट्विटर ने यह कदम उठाया था। ट्विटर की पालिसी के अनुसार यह कदम स्थानीय नियमानुसार उठाया जाता है। इसके जरिए सुरक्षा और स्थानीय कानूनों को ध्यान में रखते हुए उपयोगकर्ता की अभिव्यक्ति का सम्मान भी किया जाता है। इससे पहले भी देश विरोधी कंटेट वाले 55 यूट्यूब चैनलों और दो वेबसाइट को मोदी सरकार ने बैन कर दिया था।
हाल ही में पीएफआई पर पांच साल के बैन के विरोध में पाकिस्तानी दूतावास की तरफ से ट्वीट किया गया था। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के कनाडा में स्थित दूतावास ने इस कार्रवाई पर भारत का विरोध किया और पीएफआई के समर्थन में बातें कही थी। माना जा रहा है कि इस वजह से भारत में पाकिस्तान सरकार का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट बैन किया गया है।