बांग्लादेश में हिंसा का माहौल, उस्मान हादी की बेरहमी से हत्या के बाद जनता ने दफ्तरों में लगाई आग

(न्यूज़लाइवनाउ-Bangladesh) बांग्लादेश में हर ओर हिंसा का माहौल नजर आ रहा है। उस्मान हादी की हत्या के बाद गुस्साई जनता ने मीडिया के दफ्तरों में जाकर आग लगा दी।

हमलावरों ने मीडिया के दफ्तरों में भारी पैमाने पर तोड़-फोड़ की और आगजनी की। पत्रकारों में डर का माहौल हर जगह दिखाई दे रहा है, वहीं कई पत्रकारों और मीडिया कर्मचारियों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हालात उस समय बिगड़ गए, जब युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद गुस्साई भीड़ हिंसा पर उतर आई। उग्र प्रदर्शनकारियों ने देश के दो बड़े अखबारों—प्रथम आलो और द डेली स्टार—के दफ्तरों को आग के हवाले कर दिया। यह घटना 12 दिसंबर को हादी के सिर में गोली लगने और बाद में उनके निधन के बाद सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सैकड़ों लोग नारे लगाते हुए आधी रात के आसपास मीडिया संस्थानों को निशाना बनाने पहुंचे।

पिछले 27 साल में ऐसा पहली बार हुआ है कि प्रथम आलो अखबार प्रकाशित नहीं हो सका, जिसने मीडिया जगत को काफी चौंका दिया है। अखबार प्रबंधन का कहना है कि, “1998 में स्थापना के बाद 27 वर्षों में यह पहली बार है जब हमारा अखबार प्रकाशित नहीं हो सका।” उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की आज़ादी और मीडिया की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया।

निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

प्रथम आलो के संपादक ने सरकार से आग्रह किया कि इस हमले की स्वतंत्र जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मीडिया संस्थानों पर हमले लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरे का संकेत हैं।

और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।

Comments are closed.