(न्यूज़लाइवनाउ-Punjab) पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार रात लगभग नौ बजे एक जोरदार धमाका हुआ। यह विस्फोट स्टेशन की आउटर रेलवे लाइन पर उस समय हुआ, जब वहां से एक इंजन गुजर रहा था। इस घटना की जानकारी देर रात करीब 11 बजे राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को दी गई।
गणतंत्र दिवस से ठीक पहले राज्य में रेलवे ट्रैक पर हुए इस धमाके से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, धमाके में एक लोको पायलट के घायल होने की खबर सामने आई है। जीआरपी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल और अन्य जांच एजेंसियों ने सबूत जुटाए हैं, ताकि फॉरेंसिक जांच के जरिए यह स्पष्ट किया जा सके कि यह विस्फोट किसी साजिश का हिस्सा था या फिर तकनीकी कारणों से हुआ। रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस का यह भी कहना है कि इंजन में किसी तकनीकी खराबी के कारण भी धमाका हो सकता है। रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञ इस पहलू की भी गहन जांच कर रहे हैं। धमाके के चलते इंजन के शीशे टूट गए, जबकि रेलवे ट्रैक को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। गणतंत्र दिवस नजदीक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और जांच लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में मालगाड़ी में तैनात सुरक्षा अधिकारी अनिल शर्मा (सेफ्टी ऑफिसर, डीएफसीसी) को मामूली चोट आई थी और उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है। यह ट्रैक केवल मालगाड़ियों के आवागमन के लिए उपयोग में लाया जाता है, इसलिए यात्रियों या आम नागरिकों को किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
सियासी हलचल तेज
सरहिंद रेलवे स्टेशन के नजदीक हुए इस धमाके के बाद पंजाब की राजनीति भी गरमा गई है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि रेलवे ट्रैक के पास विस्फोट होना कोई सामान्य अपराध नहीं है। यह पंजाब में अस्थिरता फैलाने और भय का माहौल बनाने की सोची-समझी कोशिश है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी अराजक घटनाओं से आखिर फायदा किसे हो रहा है और राज्य सरकार इन्हें रोकने में क्यों असफल साबित हो रही है।
वहीं शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरहिंद के पास रेलवे लाइन पर हुए धमाके की खबर से वे बेहद चिंतित और स्तब्ध हैं। इस तरह की घटनाएं दशकों की अशांति के बाद बहाल हुई शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि यह घटना मौजूदा सरकार के शासन में पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का एक और स्पष्ट उदाहरण है। इस तरह के खुले और खतरनाक हमलों को रोकने में बार-बार हो रही नाकामी अस्वीकार्य है और इसके लिए तुरंत जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह विस्फोट गणतंत्र दिवस से ठीक दो दिन पहले हुआ है, जबकि राज्य सरकार कुख्यात तत्वों के खिलाफ बड़े अभियान चलाने का दावा कर रही है।
और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।
Comments are closed.