पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सामरिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य में एक और व्यावसायिक जहाज को निशाना बनाया गया है। पनामा के झंडे वाला एलपीजी टैंकर ‘तारा गैस’ (TARA GAS) 16 नवंबर को मिसाइल हमले की चपेट में आ गया। राहत की बात यह है कि जहाज पर मौजूद सभी 24 भारतीय नाविकों समेत चालक दल के कुल 25 सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और जहाज का संचालन करने वाली प्रबंधन कंपनी के संपर्क में है।जहाज पर हमले की जानकारीकेंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासन लगातार हालात का आकलन कर रहा है और जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ समन्वय बनाए हुए है, ताकि चालक दल की सुरक्षा और कुशलक्षेम सुनिश्चित की जा सके।
एक सप्ताह के भीतर भारतीय नाविकों से जुड़े जहाजों पर कई हमले
होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र में भारतीय नाविकों की मौजूदगी वाले व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
- 10 नवंबर: लाइबेरिया के ध्वज वाले एक जहाज पर मिसाइल या रॉकेट से हमला किया गया था। इस पोत पर 19 भारतीय नाविक मौजूद थे। हालांकि, सभी सुरक्षित बच गए थे।
- 11 नवंबर: सऊदी अरब के झंडे वाले ‘एनसीसी फज्र’ नामक जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय निशाना बनाया गया था। इस पोत पर तीन भारतीय नाविक सवार थे। हमले के बाद पूरे चालक दल की सुरक्षित होने की सूचना दी गई थी।
- 16 नवंबर: पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘तारा गैस’ पर मिसाइल हमला हुआ, जिसमें सवार सभी 24 भारतीयों समेत 25 सदस्यीय चालक दल सुरक्षित रहा।
वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम है होर्मुज
होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति का प्रमुख मार्ग है। दुनिया के पेट्रोलियम परिवहन का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुजरता है। भारत भी कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए इस मार्ग पर काफी हद तक निर्भर है।
लगातार हो रही हमलों की घटनाओं ने इस समुद्री गलियारे से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। ऐसे हालात में भारत सरकार भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों और जहाज प्रबंधन कंपनियों के संपर्क में बनी हुई है।
Comments are closed.