हरियाणा के नूंह जिले में रविवार तड़के पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। फिरोजपुर झिरका पुलिस की अपराध जांच एजेंसी (CIA) की टीम के साथ हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए। इनमें से दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई रविवार सुबह करीब 4:30 बजे सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। फिरोजपुर झिरका CIA टीम को इलाके में पशुओं की कथित तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।
साबिर और गब्बर की मौत, ताहिर अस्पताल में भर्ती
गोलीबारी में घायल तीनों लोगों को तत्काल नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां साबिर और गब्बर उर्फ हड़िया की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, तीसरे घायल ताहिर का इलाज चल रहा है।
मृतक साबिर फौंडा बास बीवां का निवासी था, जबकि गब्बर उर्फ हड़िया राजस्थान के दौसा जिले के शालमपुर गांव का रहने वाला बताया गया है। घायल ताहिर डीग जिले के घाटमीका का निवासी है।
पिकअप से सात गोवंश और हथियार बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से सात गायों से लदी एक पिकअप गाड़ी बरामद की है। इसके अलावा .315 बोर के तीन देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस के खोल भी जब्त किए गए हैं। बरामद वाहन और हथियारों को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच शुरू
नूंह पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मुठभेड़ की परिस्थितियों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच शुरू कराई गई है।
गौरतलब है कि नूंह जिले में गो-तस्करी के खिलाफ पुलिस की यह हालिया कार्रवाई है। इससे पहले 15 अक्टूबर को रोजका मेव थाना क्षेत्र में भी पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक कथित गो-तस्कर की मौत हुई थी।
Comments are closed.