पंजाब चुनाव से पहले BJP और अकाली दल फिर साथ आने की तैयारी, आज गठबंधन का हो सकता है ऐलान

पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर चुनावी गठबंधन की घोषणा होने की संभावना है। दोनों दलों के शीर्ष नेता आज दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस राजनीतिक साझेदारी का ऐलान कर सकते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल आज दोपहर करीब 1 बजे दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करेंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा के तौर पर देखा जा रहा है।

2020 में टूट गया था करीब 24 साल पुराना गठबंधन

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक पंजाब की राजनीति में सहयोगी रहे थे। दोनों पार्टियों ने करीब 24 वर्षों तक साथ मिलकर चुनाव लड़े और 1997, 2007 तथा 2012 में गठबंधन सरकार बनाने में सफलता हासिल की। हालांकि, सितंबर 2020 में कृषि कानूनों को लेकर मतभेद बढ़ने के बाद अकाली दल ने बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए से नाता तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे।

2027 के विधानसभा चुनाव पर दोनों दलों की नजर

पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दोनों पार्टियां फिर से राजनीतिक समीकरण साधने की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही हैं। गठबंधन की संभावित वापसी को राज्य में चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं भी इस राजनीतिक घटनाक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं।

Comments are closed.