महिलाओं को संसद और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने परिसीमन से जुड़े नए विधेयक पर अहम कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित नए संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने की खबर है। सरकार इस प्रस्ताव को संसद के आगामी विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी में है।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित विधेयक में कुछ संशोधन किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद लोकसभा में राज्यों के प्रतिनिधित्व के अनुपात पर असर न पड़े और किसी राज्य को दूसरे राज्यों की तुलना में अपनी हिस्सेदारी गंवाने की चिंता न रहे। इस मुद्दे को लेकर पहले भी राजनीतिक दलों के बीच मतभेद सामने आए थे।
लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा की कुल सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक इजाफा करने की योजना है। इसके साथ ही राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 तक बरकरार रखने का प्रस्ताव भी चर्चा में है। इस व्यवस्था का उद्देश्य परिसीमन के दौरान राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर उठने वाली चिंताओं को दूर करना बताया जा रहा है।
सरकार का प्रयास है कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन से जुड़े प्रावधानों को एक नए कानूनी ढांचे के तहत आगे बढ़ाया जाए। हालांकि, विधेयक के अंतिम प्रावधानों और आधिकारिक विवरण सामने आने के बाद ही इसकी पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
अप्रैल में संसद में अटक गया था प्रस्ताव
इससे पहले सरकार ने अप्रैल में भी महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को संसद में आगे बढ़ाने की कोशिश की थी, लेकिन लोकसभा में संविधान संशोधन प्रस्ताव को आवश्यक समर्थन नहीं मिल सका था। उस समय प्रस्ताव के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है।सरकार अब नए संशोधनों के साथ इस प्रस्ताव को दोबारा संसद के सामने रखने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ विपक्षी और क्षेत्रीय दलों के समर्थन को लेकर भी राजनीतिक स्तर पर चर्चा जारी है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है। संसद का यह विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चल सकता है।
इस सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव संसद में चर्चा का प्रमुख विषय बन सकता है।
Comments are closed.