राहुल की ट्विटर फालोइंग बढ़ने पर बोलीं स्‍मृति – क्या रूस में चुनाव लड़ने की योजना बना रहे

गुजरात चुनाव की आहट के साथ ही कांग्रेस और बीजेपी के बीच ट्विटर वार जारी है. फिलवक्‍त कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी के हर ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी पलटवार कर रही हैं. यहां तक कि राहुल गांधी के गुजरात दौरे के जवाब में बीजेपी अध्‍यक्ष के साथ स्‍मृति ईरानी ने अमेठी का दौरा किया. अब उसकी अगली कड़ी में राहुल गांधी के ट्विटर पर फॉलोअरों की बढ़ती संख्‍या पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्‍मृति ईरानी ने तीखा हमला बोला है.

उन्‍होंने एक न्‍यूज एजेंसी की खबर को टैग करते हुए राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट किए जाने की संख्या में अप्रत्याशित इजाफे को लेकर उन्हें आड़े हाथ लिया और उनके ट्विटर अकाउंट के तार रूस, इंडोनेशिया और कजाकिस्तान तक जुड़े होने की ओर इशारा किया. कांग्रेस ने हालांकि इस आरोप को तथ्यात्मक रूप से गलत कहते हुए खारिज कर दिया. ईरानी ने अपने ट्वीट में कहा, “वह शायद रूस, इंडोनेशिया और कजाकिस्तान में चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं.”

ईरानी ने अपने ट्वीट के साथ एक न्यूज रिपोर्ट ‘राहुल गांधी के ट्विटर लोकप्रियता के पीछे बोट्स’ को भी संलग्न किया, जिसमें राहुल गांधी के ट्वीट के रिट्वीट की वृद्धि पर सवाल खड़े किए गए हैं.

ट्विटर बोट एक प्रकार का बोट सॉफ्टवेयर है, जो ट्विटर अकाउंट द्वारा ट्विटर एपीआई (अप्लीकेशन प्रोग्राम इंटरफेस) को नियंत्रित करता है. यह बोट सॉफ्टवेयर ट्वीट, रिट्वीट, फॉलो, अनफॉलो या दूसरे के अकाउंट में सीधे संदेश भेजने के लिए स्वायत्त तरीके से काम करता है.

Leave A Reply