आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उतरे सुपर हर्क्युलिस, जगुआर; टचडाउन अभ्यास

उन्नाव
भारतीय वायु सेना के अत्याधुनिक मालवाहक विमान C-130J सुपर हर्क्युलिस के अगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उतरने के साथ ही टचडाउन अभ्यास शुरू हो गया। हर्क्युलिस के साथ वायुसेना के गरुण कमांडो भी एक्सप्रेस वे पर उतरे और उन्होंने पूरे रनवे को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद इस 3.5 किमी लंबी एयर स्ट्रिप पर वायुसेना के लड़ाकू विमानों के उतरने का सिलसिला शुरू हुआ।

सबसे पहले वायुसेना के गोरखपुर एयरबेस से लंबी दूरी तक बम गिराने में सक्षम विमान जगुआर टचडाउन के लिए आया। उन्नाव की बांगरमऊ स्थित एयर स्ट्रिप के दोनों तरफ मौजूद हजारों लोगों ने तालियों के साथ जगुआर का स्वागत किया। इसके बाद कारगिल युद्ध के दौरान दुश्मन के बंकर को तबाह करने वाले विमान मिराज-2000 फाइटर प्लेन आए और एयर स्ट्रिप को छूकर निकल गए। मिराज की आकाश में गर्जना बस देखते ही बन रही थी। अभ्यास के अगले चरण में रूस निर्मित सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान एयर स्ट्रिप पर आए और छूकर वापस आकाश में चले गए।

Leave A Reply