नई दिल्ली: हिंदू आतंकवाद वाले बयान पर अभिनेता प्रकाश राज तमिल अभिनेता कमल हासन का साथ देते नजर आ रहे हैं. प्रकाश ने शुक्रवार (3 नवंबर) को अपने एक ट्वीट में पूछा, ‘अगर धर्म, संस्कृति और नैतिकता के नाम पर भय फैलना आतंक नहीं है तो यह क्या है? सिर्फ पूछ रहा हूं.’ इससे पहले महिला पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के वक्त एक बयान की वजह से प्रकाश राज विवादों में आ गए थे. उस दौरान मीडिया में कहा गया कि वे (प्रकाश राज) अपना राष्ट्रीय सम्मान लौटा रहे हैं. हालांकि बाद में एक वीडियों के जरिए उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि वह ‘मूर्ख नहीं है कि राष्ट्रीय पुरस्कारों को लौटाएं.’
वहीं दूसरी ओर कमल हासन को हिंदू आतंकवाद पर बयान देना भारी पड़ा है. उनके खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है. हासन ने बीते गुरुवार (2 नवंबर) को हिंदू चरमपंथ की आलोचना करते हुये दावा किया था कि दक्षिणपंथी समूहों ने हिंसा का दामन इसलिये थामा क्योंकि उनकी पुरानी ‘रणनीति’ ने काम करना बंद कर दिया है.
हासन ने तमिल पत्रिका ‘आनंद विकटन’ के हालिया अंक में अपने स्तंभ में आरोप लगाया कि दक्षिण पंथी संगठनों ने अपने रुख में बदलाव किया है, हालांकि उन्होंने इसमें किसी का नाम नहीं लिया है. उन्होंने कहा था, ‘पूर्व में हिंदू दक्षिण पंथी, दूसरे धर्म के लोगों के खिलाफ हिंसा में शामिल हुये बगैर, उनको अपनी दलीलों और जवाबी दलीलों से हिंसा के लिये मजबूर करते थे.’ हासन ने लिखा कि हालांकि ‘यह पुरानी साजिश’ विफल होनी शुरू हो गयी, तब यह समूह हिंसा में शामिल हो गये.
तमिल फिल्म अभिनेता ने लिखा, ‘चरमपंथ किसी भी तरीके से उनके लिये सफलता या विकास (का मानक) नहीं हो सकता जो खुद को हिंदू कहते हैं.’ हाल ही में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मुलाकात करने वाले हासन ने मार्क्सवादी नेता द्वारा उठाये गये उस सवाल का जवाब भी दिया जिसमें उन्होंने पूछा था कि अभिनेता ‘हिंदूवादी ताकतों द्वारा धीमी घुसपैठ के जरिये द्रविड संस्कृति को कमजोर करने’ के बारे में क्या सोचते हैं.
विजयन ने कहा, ‘…हाल के समय में…हम देख सकते हैं कि नस्ली भेदभाव और प्रतिक्रियावाद तमिलनाडु में अपने पांव जमाने की कोशिश कर रहा है.’ अभिनेता ने जवाब दिया, ‘सत्य की जीत होने के विश्वास का दरकना और…ताकत सफल हो जायेगी और हम सबको बर्बर बना देगी.’ एक वक्त दार्शनिक अंदाज में हासन ने कहा, ‘परिवर्तन अपरिवर्तनीय है’.