नई दिल्ली
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने केन्या में भारतीय लड़के की हत्या पर उच्चायोग से रिपोर्ट मांगी है। सुषमा ने शनिवार रात नेत्रा पारिख के अनुरोध पर ट्वीट किया, ‘सुचित्रा (सुचित्रा दुरई, केन्या में भारतीय उच्चायुक्त) कृपया, मुझे इस मामले पर रिपोर्ट भेजें।’ ट्विटर पर पारिख ने कहा कि बंटी शाह नामक लड़का बॉम्बिल इंडस्ट्रीज में काम करता था। घर में ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
Suchitra – Please send me a report on this. @IndiainKenya https://t.co/bF5MdnU6uY
— Sushma Swaraj (@SushmaSwaraj) November 4, 2017
पारिख ने पीड़ित परिवार की मदद करने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि केन्या में 80,000 भारतीय रहते हैं। एक अन्य ट्वीट में सुषमा ने दक्षिण अफ्रीका में भारतीय उच्चायुक्त रुचिरा कंबोज से कहा है कि वहां की यात्रा के दौरान स्वाभाविक कारणों से एक भारतीय नागरिक की हुई मौत के मामले में मदद करें। उन्होंने श्वेता कपूर के एक अनुरोध की प्रतिक्रिया में यह बात कही।
कपूर ने ट्वीट में लिखा था, ‘चूंकि यह सप्ताहांत है और विदेशी धरती है, इसलिए नहीं पता कि कौन मदद कर सकता है। क्या MEA मदद कर सकता है? इस तरह से एक व्यक्ति का निधन दुखद है।’ सुषमा ने श्वेता को कंबोज से संपर्क करने के लिए भी कहा। इससे पहले शनिवार को भी वॉशिंगटन में सहपाठियों द्वारा एक सिख छात्र पर हुए हमले की खबरों के बाद विदेश मंत्री ने अमेरिका में भारतीय दूतावास से रिपोर्ट मांगी थी। पीड़िता के परिवार ने दावा किया कि यह घृणा अपराध का मामला था।