CM चंद्रशेखर राव ने आपना और आपने बेटे का बाथरूम बनाया बुलेटप्रूफ

chandrashekar-med

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव अपनी सुरक्षा को लेकर कुछ ज्यादा ही चिंतित दिख रहे हैं यही कारण है कि उन्होंने अपने बाथरूम को बुलेटप्रूफ बनवा लिया है। चंद्रशेखर राव के पास जेड प्लस सुरक्षा है लेकिन बुलेटप्रूफ बाथरूम बनाने के फैसले ने ये साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री अपनी सुरक्षा से संतुष्ट नहीं हैं।

एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव का यह नया घर बेगमपेट इलाके में है। यह बुलेटप्रूफ बाथरूम उनके इसी आलीशान घर में बनाया गया है जो लगभग एक लाख स्क्वायर फीट से भी ज्यादा जगह में फैला हुआ है। बाथरूम के अलावा घर की सभी खिड़कियों और वेंटिलेटर्स पर बुलेटप्रूफ शीशे लगवाए गए हैं। यही नहीं सीएम के इस नए घर के दो बेडरूम्स हाई क्वालिटी ग्लास फिट हैं। इनमें से एक कमरा सीएम का और दूसरा उनके बेटे का है। इन सब पर लाखों रुपए खर्च हुए हैं।

अखबार की खबर के मुताबिक मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव आज (गुरुवार) अपने नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं। इस घर में इंटेलिजंस सिक्योरिटी विंग के सदस्यों के साथ 50 के करीब सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। उनका काम सीएम के बंगले पर हर मिनट नजर रखना होगा। इस घर में जाने वालों को गहरी सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। इसके अलावा सुरक्षा कारणों से उस शख्स को अपना मोबाइल फोन, घंटी और धातु की सभी चीजें बाहर जमा करानी होंगी।

पता चला है कि खुफिया अधिकारियों ने बुलेट प्रूफ शीशों का इस्तेमाल करने की सिफारिश की थी, जिससे कि इन कमरों में स्नाइपर से निशाना न साधा जा सके। तेलंगाना के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीएम की सिक्योरिटी के साथ कोई चांस नहीं लिया जा सकता। हर तरह के खतरे को निष्फल करना बेहद जरूरी है। राव का यह घर सरकारी बंगला बन जाएगा और सुरक्षा पर खर्च होने वाला पैसा बर्बाद नहीं होगा।

गौरतलब है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली हुई है। हाल ही में देवी को 3.7 करोड़ रुपए का मुकुट चढ़ाने के मामले में राव चर्चा में रहे थे। राव ने मन्नत पूरी होने पर मां भद्रकाली के चरणों में 3.7 करोड़ का सोने का मुकुट चढ़ाया था। मुकुट का वजन 11.7 किलोग्राम था और इसे जीआरटी ज्वैलर्स ने बनाया था।

Leave A Reply