सीपी राधाकृष्णन चुने गए देश के नए उपराष्ट्रपति, सुदर्शन रेड्डी को दी मात; 768 में से हासिल किए इतने मत
(न्यूज़लाइवनाउ-India) सीपी राधाकृष्णन ने 452 मत हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। इस तरह उन्होंने 152 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
एनडीए के प्रत्याशी और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भारत के नए उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। इस चुनाव में कुल 788 सांसदों को मतदान का अधिकार था, जिनमें से 781 ने वोट डाला। मतदान का प्रतिशत 98.2% दर्ज किया गया। कुल 768 मत पड़े, जिनमें से 752 वैध घोषित हुए। इनमें सीपी राधाकृष्णन को 452 और उनके प्रतिद्वंदी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। राधाकृष्णन ने 152 मतों के अंतर से यह जीत अपने नाम की।
राज्यसभा महासचिव एवं निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन भारत के अगले उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि उपराष्ट्रपति पद के 17वें चुनाव के लिए 7 अगस्त को अधिसूचना जारी हुई थी और कुल 68 नामांकन दाखिल हुए थे। जांच पड़ताल के बाद केवल सीपी राधाकृष्णन और बी. सुदर्शन रेड्डी के नामांकन वैध पाए गए।
उपराष्ट्रपति चुनाव में संसद के सभी सदस्य, जिनमें मनोनीत सदस्य भी शामिल थे, मतदान के पात्र थे। कुल 788 मतदाता सूचीबद्ध थे—245 राज्यसभा और 543 लोकसभा से। मतदान सुबह से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चला, जिसमें 767 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रक्रिया के लिए केवल एक बैलेट बॉक्स इस्तेमाल किया गया। मतगणना शाम 6 बजे प्रारंभ हुई। नतीजों में सुदर्शन रेड्डी को 300 प्रथम वरीयता मत मिले, जबकि सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट प्राप्त हुए।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएँ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को जीत की बधाई देते हुए कहा कि उनका जीवन हमेशा समाजसेवा और गरीबों व वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राधाकृष्णन एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति साबित होंगे, जो न सिर्फ संवैधानिक मूल्यों को और मजबूत करेंगे बल्कि संसदीय विमर्श को भी नई दिशा देंगे।
और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।
Comments are closed.