(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) :— प्रदेश के उपभोक्ताओं को उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से निर्धारित वस्तुओं के वितरण में खामियां दूर करने के उद्देश्य से भारत सरकार के निर्देशानुसार सभी उचित मूल्य की दुकानों पर पॉस मशीनें लगाई गई हैं। इन्हें ऑनलाइन आपूर्ति शृंखला प्रबंधन (ऑनलाइन सप्लाई चेन मैनेजमेंट) से जोड़ा गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक मदन चौहान ने बताया कि ऑनलाइन आपूर्ति शृंखला प्रबंधन को कार्यान्वित करने के फलस्वरूप केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को पॉस मशीनों के माध्यम से राशन प्राप्त हो सकेगा, जिन्होंने राशनकार्ड डिजिटाइज करवा दिए हैं। शेष उपभोक्ता जिन्होंने अभी तक किसी कारणवश राशनकार्ड डिजिटाइज नहीं करवाए हैं, उन्हें पुराने राशनकार्डों पर फिलहाल राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है, परंतु आने वाले समय में इन राशनकार्डों पर राशन उपलब्ध करवाना संभव नहीं होगा, क्योंकि सारा राशन पॉस मशीनों के माध्यम से ही वितरित किया जाना है।