कोलकाता
कोलकाता टेस्ट के चौथे दिन भारत ने श्री लंका के खिलाफ मैच में वापसी कर ली है। शिखर धवन के 94 और केएल राहुल के नाबाद 73 रनों की बदौलत भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 171 रन बना लिए हैं। भारत ने श्री लंका (294) पर 49 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। चेतेश्वर पुजारा 2 रन बनाकर नॉट आउट रहे। श्री लंका की ओर से एकमात्र सफलता दासुन शनाका ने हासिल की। उन्होंने धवन को विकेट के पीछे निरोशन डिकवेला के हाथों कैच करवाया।
End of day's play. An entertaining day of Test cricket comes to an end. Sri Lanka 294, #TeamIndia 171/1 in the 2nd innings. S Dhawan 94, KL Rahul 73*, Pujara 2* #INDvSL pic.twitter.com/WiCVoMcUUQ
— BCCI (@BCCI) November 19, 2017
श्री लंका ने भारत को पहली पारी में 172 रनों पर आउट करते हुए अपनी पहली पारी में 294 रन बनाकर मेजबान टीम पर 122 रनों की बढ़त ली थी। श्री लंका ने चौथे दिन की शुरुआत चार विकेट के नुकसान पर 165 रनों के साथ की थी। तीसरे दिन पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (52) और लाहिरू थिरिमाने (51) ने श्री लंका को बढ़त लेने की स्थिति में पहुंचा दिया था। चौथे दिन टीम के अनुभवी स्पिनर रंगना हेराथ ने बल्ले से अपना जौहर दिखाते हुए 105 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 67 रनों की पारी खेल श्री लंका को अच्छी बढ़त दिलाई।
श्री लंका ने दिन के पहले सत्र में अपने चार विकेट गंवाए। इसके बाद हेराथ ने सुरंगा लकमल (16) के साथ मिलकर भोजनकाल तक टीम को 263 के स्कोर तक पहुंचाया। भारत के लिए इस पारी में शमी और भुवनेश्वर ने चार-चार विकेट लिए, वहीं उमेश यादव को दो सफलता हासिल हुई। दूसरी पारी खेलने उतरी भारतीय टीम की सलामी जोड़ी को दूसरे सत्र में रन बनाने में किसी तरह की परेशानी नहीं आई।
धवन अपनी सेंचुरी से जब 6 रन दूर थे तब शनाका की एक गेंद पर बड़ा ड्राइव खेलने के चक्कर में वह विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। गेंद धवन के बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगकर विकेटकीपर के दस्तानों में गई। अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। धवन ने इस पर रिव्यू लेने का फैसला किया इसमें भी साफ हो गया कि गेंद बल्ले से लगकर गई है। इस तरह भारत ने अपना एक रिव्यू खो दिया।