INDvsSL दूसरा टेस्ट कल से, नागपुर में भी तेज गेंदबाजों के अनुकूल रहेगा पिच

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार (24 नवंबर) से नागपुर में खेला जाएगा। भारत यहां 7 साल से कोई मैच नहीं हारा है। दोनों टीमों के बीच कोलकाता में हुआ सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया था। मेजबान टीम केवल 3 विकेट से वो मैच जीतने से दूर रह गई थी। ऐसे में उसकी पूरी कोशिश होगी की वो इस मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त ले सके। अगर नागपुर में भी रिजल्ट नहीं आया तो 1997 के बाद ये पहला मौका होगा जब दोनों टीमें लगातार दो टेस्ट ड्रॉ खेलेंगी।

कोलकाता में हुए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में पिच ने फास्ट बॉलर्स को मदद किया था। जिसके बाद अब नागपुर और दिल्ली में भी इंडियन प्लेयर्स को वैसी ही फास्ट पिच मिल सकती हैं। दरअसल श्रीलंका के साथ सीरीज के बाद टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका टूर पर जाना है। जहां की पिच पेस बॉलर्स को खूब मदद करती है और उसी मुश्किल टूर की तैयारियों के लिए ही इंडियन प्लेयर्स को श्रीलंका के खिलाफ अगले दो मैचों में ग्रीन टॉप अवेल कराया जाएगा।

कोलकाता में हुए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में दोनों इनिंग्स को मिलाकर मेहमान टीम के कुल 17 विकेट गिरे थे। ये सारे विकेट टीम इंडिया के फास्ट बॉलर्स ने लिए थे। इसी वजह से भारत की जमीन पर अबतक खेले गए 262 टेस्ट मैचों में ये पहला मौका था, जब मैच में कोई इंडियन स्पिनर एक भी विकेट नहीं ले सका। इस दौरान भुवनेश्वर कुमा ने 8, मो. शमी ने 6 और उमेश यादव ने 3 विकेट लिए थे।

टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच अबतक कुल 42 टेस्ट मैच हुए हैं। जिसमें से भारत ने 19 जीते हैं, 7 में उसे हार मिली है, वहीं 16 मैच ड्रॉ रहे हैं। भारत की धरती पर दोनों टीमों के बीच 18 मैच हुए हैं। इनमें से मेजबान टीम को 10 मैचों में जीत मिली, वहीं 8 मैच ड्रॉ रहे। श्रीलंकाई टीम अबतक भारत की धरती पर कोई टेस्ट मैच नहीं जीत सकी है।

नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत ने अबतक 5 मैच खेले हैं। जिनमें से 3 में उसे जीत मिली, एक में हार और एक मैच ड्रॉ रहा। टीम इंडिया ने यहां आखिरी टेस्ट मैच दो साल पहले नवंबर 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। इस मैच में मेजबान को 124 रन से जीत मिली थी। ये मैच तीसरे दिन ही खत्म हो गया था। जिसके बाद विवाद भी हुआ था।

कोहली-शास्त्री ब्रिगेड की रिक्वेस्ट पर इस बार नागपुर में फास्ट पिच बनाई गई है, लेकिन 2004 में नागपुर में ही तेज पिच को लेकर बड़ा विवाद हुआ था।साल 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए कप्तान गांगुली की सलाह को नजरअंदाज कर फास्ट पिच तैयार की गई थी। इसके बाद गांगुली ने मैच नहीं खेला था। उन्होंने इसकी वजह चोट बताई थी। पर माना गया था कि उन्होंने तेज पिच के विरोध में ऐसा किया था।

भारत इस मैच में भी तीन पेसर और दो स्पिनर के साथ उतर सकता है। पेसर में शमी और उमेश यादव की जगह पक्की है। तीसरे सीमर के लिए इशांत शर्मा और विजय शंकर के रूप में दो ऑप्शन हैं। पहले टेस्ट के मुकाबले नागपुर टेस्ट के लिए टीम इंडिया में दो बदलाव हो सकते हैं। भुवनेश्वर कुमार और शिखर धवन की जगह पर ऑलराउंडर विजय शंकर और मुरली विजय को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। भुवनेश्वर कुमार अपनी शादी की वजह से नागपुर मैच नहीं खेल पाएंगे, वहीं शिखर धवन को रेस्ट दिया गया है। टीम के बाकी प्लेयर्स पहले मैच की तरह ही हो सकते हैं।

Leave A Reply