J&K- सरकार द्वारा अमरनाथ यात्रियों सहित पर्यटकों को वापस बुलाने के फैसले का महबूबा मुफ्ती ने किया विरोध।
सरकार की ओर से कहा गया कि अमरनाथ यात्रा को लेकर इंटेलीजेंस इनपुट के हवाले से आतंकवादी खतरे की बात कहते हुए जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी की।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हाल ही में अमरनाथ यात्रा के रूट में बरामद हुई स्नाइपर राइफल के बाद संभावित आतंकी हमले के खतरे के मद्देनजर सरकार ने अमरनाथ यात्रियों सहित सभी पर्यटकों को कश्मीर से वापसलौटने की एडवाइजरी जारी की। सरकार के इस फैसले का विरोध इस समय सभी विपक्षी दल कर रहे हैं। कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को जल्द से जल्द घाटी छोड़ने की एडवाइजरी जारी करने पर विपक्षी दलों के नेताओं ने इस एडवाइजरी पर सवाल खड़े किए हैँ। सरकार ने एडवाइजरी के पीछे सुरक्षा का तर्क दिया है। सरकार की ओर से कहा गया कि अमरनाथ यात्रा को लेकर इंटेलीजेंस इनपुट के हवाले से आतंकवादी खतरे की बात कहते हुए जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी की। इसमें तीर्थयात्रियों को घाटी से जल्द से जल्द लौटने की सलाह दी गई है। जम्मू एवं कश्मीर के गृह विभाग ने यह एडवाइजरी जारी की है। यात्रा को लेकर शीर्ष सुरक्षा प्रतिष्ठान ने कहा कि इस तरह के इनपुट है कि यात्रा को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाया जा सकता है। एडवाइजरी जारी होने के बाद महबूबा मुफ्ती ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है लेकिन सरकार हमेशा की तरह कश्मीर का इस्तेमाल असल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए करेगी। इस कदम के गंभीर नतीजे होंगे और इससे कश्मीरी लोग हाशिये पर चले जाएंगे। महबूबा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि केंद्र सरकार इकलौते मुस्लिम बहुल राज्य का प्यार जीतने में नाकाम रही है, जिसने धार्मिक आधार पर विभाजन को खारिज कर सेक्युलर इंडिया को चुना। अब परदा उठ रहा है और भारत ने कश्मीर के लोगों के ऊपर भूभाग को चुना है। वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस एडवाइजरी पर सवाल उठाया और ट्वीट कर लिखा कि मुझे यह समझ में नहीं आ रहा है कि जब सरकार विदेशी और भारतीय पत्रकारों की टीम पर पैसे बहाकर उन्हें यह बता रही है कि कश्मीर के हालात कितने अच्छे हैं और यात्रा कितनी अच्छी चल रही है तो फिर यात्रियों और पर्यटकों को तत्काल लौटने का यह आदेश क्यों जारी किया गया है।