भयंकर विंटर स्टॉर्म की गिरफ्त में अमेरिका, एयर इंडिया ने सभी उड़ानें की रद्द

(न्यूज़लाइवनाउ-America) अमेरिका में जारी ऐतिहासिक और तीव्र शीतकालीन तूफान को देखते हुए एयर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के नेवार्क एयरपोर्ट से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 25 और 26 जनवरी के लिए रद्द कर दिया है।

एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि यह कदम यात्रियों और फ्लाइट क्रू की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उठाया गया है। मौजूदा मौसम हालात के कारण उड़ानों का संचालन जोखिम भरा हो सकता है।

ट्रैवल एडवाइजरी जारी

एयर इंडिया द्वारा जारी ट्रैवल एडवाइजरी में कहा गया है कि अमेरिका के ईस्ट कोस्ट, विशेषकर न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और आसपास के क्षेत्रों में रविवार (25 जनवरी) से सोमवार (26 जनवरी) तक भारी हिमपात, तेज ठंड और बर्फीली हवाओं की आशंका है। इससे हवाई यातायात पर गंभीर असर पड़ने की संभावना जताई गई है।

एयरलाइन ने जानकारी दी है कि यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन दो दिनों के लिए न्यूयॉर्क और नेवार्क से संचालित होने वाली सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द की जा रही हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी उड़ानों से जुड़ी अपडेट के लिए एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट और कस्टमर केयर से संपर्क बनाए रखें।

गौरतलब है कि इस समय अमेरिका भीषण और रिकॉर्ड तोड़ विंटर स्टॉर्म की चपेट में है। नेशनल वेदर सर्विस (NWS) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि यह तूफान सेंट्रल प्लेन्स से लेकर नॉर्थ-ईस्ट तक करोड़ों लोगों को प्रभावित कर सकता है। भारी बर्फबारी, फ्रीजिंग रेन और जानलेवा ठंड के चलते कई इलाकों में सड़कों के बंद होने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यात्रा सेवाएं पूरी तरह ठप होने की आशंका है।

ट्रंप ने दिए आपात निर्देश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी विंटर स्टॉर्म को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और FEMA को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। ट्रंप के अनुसार, फेडरल और स्थानीय एजेंसियों को आपात हालात से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत जरूरी होने पर ही यात्रा करें और सरकारी मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें। एयर इंडिया के साथ-साथ कई अन्य अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने भी अमेरिका के प्रभावित इलाकों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं रद्द कर दी हैं।

और खबरों के लिए हमें फॉलो करें Facebook पर।

Comments are closed.