अयोध्या, भूमि विवाद मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू ।
अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज से शुरू ।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई मंगलवार (आज से )से शुरू हो गई हैं । यह सुनवाई तब तक चलेगी, जब तक कोई नतीजा नहीं निकल जाता। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 8 मार्च को इस मामले को बातचीत से सुलझाने के लिए मध्यस्थता पैनल बनाया था। इसमें पूर्व जस्टिस एफएम कलीफुल्ला, आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, सीनियर वकील श्रीराम पंचू शामिल थे। हालांकि, पैनल मामले को सुलझाने के लिए किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सका। उधर, संघ विचारक केएन गोविंदाचार्य ने अयोध्या भूमि विवाद मामले में नियमित सुनवाई की रिकॉर्डिंग या सीधे प्रसारण के लिए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। जल्द सुनवाई के लिए भी यह मामला जस्टिस एसए बोबडे और जस्टिस बीआर गवई की बेंच के सामने रखा गया था। इससे पहले याचिकाकर्ता ने कहा था कि मध्यस्थता पैनल से कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिल रहा, इसलिए कोर्ट को जल्द फैसले के लिए रोज सुनवाई पर विचार करना चाहिए। इस पर कोर्ट ने कहा था कि मध्यस्थता पैनल की स्टेटस रिपोर्ट देखने के बाद ही तय करेंगे कि अयोध्या मामले की सुनवाई रोजाना की जाए या नहीं। अयोध्या विवाद में पक्षकार गोपाल सिंह विशारद की याचिका और जल्द सुनवाई का निर्मोही अखाड़ा ने भी समर्थन किया था। अखाड़े ने कहा था कि मध्यस्थता प्रकिया सही दिशा में आगे नहीं बढ़ रही है। इससे पहले अखाड़ा मध्यस्थता के पक्ष में था। सुप्रीम कोर्ट ने 8 मार्च को इस मामले को बातचीत से सुलझाने के लिए मध्यस्थता समिति बनाई थी। मई में चीफ जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस एसए बोबडे, जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस एस.अब्दुल नजीर की बेंच ने मध्यस्थता समिति को इस मामले को सुलझाने के लिए 15 अगस्त तक का समय दिया था। बेंच ने सदस्यों को निर्देशित किया था कि 8 हफ्ते में मामले का हल निकालें। पूरी बातचीत कैमरे के सामने हो। 2010 में इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में 14 याचिकाएं दाखिल की गई थीं। हाई कोर्ट ने क्षेत्र को तीन हिस्सों में बाटने की बात कही थी ।