इंडोनेशिया हादसा : समंदर से मिले शवों के टुकडों के डीएनए टेस्ट से होगी मृतकों की पहचान

विमान में सवार सभी 189 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। इनमें तीन बच्चों समेत 181 यात्री, 2 पायलट और छह अन्य क्रू मेंबर शामिल थे

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ)  : इंडोनेशिया के खोजी दल ने मंगलवार को लॉयन एयरलाइंस के विमान के कई टुकड़े ढूंढ निकाले। खोजी दल के प्रमुख मुहम्मद स्याउगी ने बताया कि टीम को काफी इंसानी अवशेष मिले हैं, जिन्हें 24 बैग में रखा गया है। डीएनए टेस्ट से पहचान के लिए अंगों को जकार्ता भेजा जाएगा।इंडोनेशिया के जकार्ता से पांकल पिनांग शहर जा रहा लॉयन एयर का एक यात्री विमान सोमवार सुबह उड़ान भरने के 13 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हो गया था। विमान में सवार सभी 189 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। इनमें तीन बच्चों समेत 181 यात्री, 2 पायलट और छह अन्य क्रू मेंबर शामिल थे।विमान संपर्क टूटने वाली जगह से करीब दो नॉटिकल मील (3.7 किलोमीटर) दूर कारावांग की खाड़ी में क्रैश हुआ। इस हवाई जहाज में इंडोनेशिया के वित्त मंत्रालय के 20 अधिकारी भी सवार थे। लॉयन एयर का बोइंग-737 मैक्स कुछ महीने पहले ही सेवा में आया था।इंडोनेशिया एयर नेविगेशन के अधिकारी सिंदु रहायु ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि फ्लाइट जेटी-610 के उड़ान भरने के बाद पायलटों ने लौटने की अनुमति मांगी। हालांकि, इसके तुरंत बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) का फ्लाइट से संपर्क टूट गया।मलबा इकट्ठा करने के लिए सैकड़ों गोताखोरों को लगाया गया है। इंडोनेशियाई खोजी दल के प्रमुख मुहम्मद स्याउगी ने बताया कि मलबे में एक बच्चे के अवशेष भी मिले हैं। स्याउगी के मुताबिक, फिलहाल जो भी सामान पानी की सतह पर था, उसे इकट्ठा कर लिया गया।खोजी दल ने सोमवार देर रात तक किसी भी यात्री और क्रू मेंबर के जिंदा मिलने की बात से इनकार किया। अफसरों ने कहा कि प्लेन समुद्र में 30-40 मीटर की गहराई में क्रैश हुआ। लिहाजा किसी के भी जिंदा बचने की उम्मीद काफी कम है।खोजी दल के प्रवक्ता यूसुफ लतीफ ने बताया कि विमान के मुख्य हिस्से को 5 जंगी जहाजों से ढूंढा जा रहा है। इन जंगी जहाजों में समुद्र के अंदर डूबी चीज को खोजने की क्षमता (सोनार) है। फिलहाल विमान के कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर अभी तक नहीं मिले हैं।

Leave A Reply