इदाई का कहर: जिम्बाब्वे में चक्रवात से 24 लोगों की मौत, दर्जनों लापता

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। पूर्वी जिम्बाब्वे में आए उष्णकटिबंधीय चक्रवात इदाई से कम से कम 24 लोगों की जहां मौत हो गई वहीं दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं। सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी। बता दें कि पड़ोसी देश मोजाम्बिक में भी इदाई ने कहर बरपा रखा है। इसकी चपेट में आकर वहां कम से कम 19 लोगों की मौत हुई जबकि देश के सबसे बड़े शहरों में से एक बेरा में रहने वाले लगभग पांच लाख लोगों का देश से संपर्क टूट गया है। जिम्बाब्वे के सूचना मंत्रालय ने ट्विटर पर बताया कि अभी तक चिमनिमनी पूर्व से दो छात्रों सहित 24 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है जबकि 40 अन्य लोग घायल हुए हैं। दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मोजाम्बिक की सीमा से लगे मनिकलैंड प्रांत के कुछ हिस्सों में कई पुल बह गए हैं। सूचना मंत्रालय ने बताया कि जिन लोगों के घर बह गए थे, वह मदद के इंतजार में ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। हालांकि तेज हवाओं के चलते हेलीकॉप्टर की उड़ानों में बाधा आ रही है, जिससे राहत और बचाव कार्य ठीक तरह से चल नहीं पा रहे हैं। बचाव कार्य का नेतृत्व जिम्बाब्वे की राष्ट्रीय सेना कर रही है।चिमनिमनी जिले के सांसद जोशुआ सैको ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में जहां बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है वहीं कई बड़े पुल बह गए हैं। अभी तक की सूचना के मुताबिक 100 लोग लापता है। इनमें से कुछ की मौत होने की भी खबर है। उन्होंने बताया कि चिमनिमनी शहर के नगाऊ इलाके में एक घर पर कीचड़ गिरने से उसमें रहने वाले 25 लोग भी लापता लोगों की सूची में शामिल हैं। वहीं जिम्बाब्वे की विपक्षी पार्टी डेमोक्रेटिक चेंज के प्रवक्ता जैकब मैफ्यूम ने ट्वीट किया कि पूर्वी जिम्बाब्वे के जिलों में गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है।

Leave A Reply