(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। मेघालय के पूर्वी जयंती पर्वतीय जिले की एक कोयला खदान में फंसे 15 श्रमिकों को बचाने के लिए राहत का काम जारी है इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 17 जनवरी को एक मजदूर की डेड बॉडी मिली है जिसके बाद से राहत अभियान को झटका लगा है और अंदर फंसे मजदूरों के बचने की उम्मीदें और कम नजर आ रही हैं। नौसेना के गोताखोरों ने मेघालय की पूर्वी जयंतिया हिल्स में एक अवैध ‘रैट होल’ कोयला खदान से बृहस्पतिवार को एक शव बरामद किया। इस संकरी खदान में 13 दिसंबर को 15 खनिक फंस गए थे। नौसेना के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘नौसेना के गोताखोरों ने एक ‘रैट होल’ खदान में करीब 210 फुट भीतर और 160 फुट गहराई में पानी के नीचे आरओवी का इस्तेमाल करके एक शव का पता लगाया।’ नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि शव को ‘रैट होल’ खदान के मुहाने तक लाया गया है और उसे चिकित्सकों की निगरानी में बाहर निकाला जाएगा। जिला प्राधिकारियों ने इस मामले में कुछ भी नहीं कहा है।