कुल्लू और लाहौल में 16 फरवरी तक रहेगा मौसम ख़राब, बर्फ़बारी के आसार
मौसम विभाग ने आगामी 16 फरवरी तक मौसम के खराब रहने की आशंका जताई है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) जिला कुल्लू की ऊंची पहाड़ियों और लाहौल घाटी में फिर ताजा हिमपात हुआ है। मौसम के लगातार खराब रुख को देखते हुए कुल्लू और लाहौल-स्पीति प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आगामी 16 फरवरी तक मौसम के खराब रहने की आशंका जताई है। इस दौरान ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। इसको देखते हुए जिलावासियों और सैर सपाटे को पहुंचे सैलानियों को एहतियात बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग ने कुल्ल ूऔर लाहौल में हिमखंड गिरने की भी आशंका जताई है। प्रशासन ने बारिश-बर्फबारी के दौरान नदी-नालों के आसपास भी न जाने की हिदायत दी है। दो दिनों से खराब मौसम के बाद वीरवार को सोलंगनाला में 15 सेंटीमीटर बर्फ रिकॉर्ड की गई।
दोपहर के समय हुई बर्फबारी से पहले घूमने आए सैलानियों ने सोलंगनाला में बर्फ के फाहों का खूब आनंद उठाया। बर्फबारी और बारिश से जिले में 25 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई है। जबकि, पिछले सप्ताह हुई रिकॉर्ड बर्फबारी से जिले में अभी एक दर्जन से ज्यादा सड़कें पहले से ही बंद चल रही हैं। ग्रामीण मीलों पैदल चलकर गंतव्य तक पहुंचने को मजबूर हुए। मौसम के मिजाज से कुल्लू और लाहौल के किसान-बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। समाचार लिखे जाने तक सोलंगनाला में 15 सेंमी, जलोड़ी दर्रा में 15 सेंमी, मढ़ी और कोकसर में 20 सेंमी, जिला मुख्यालय केलांग 10 सेंमी, उदयपुर में छह सेंमी और दारचा में 20 सेमी बर्फ गिरने की सूचना है। जबकि रोहतांग में करीब 50 सेंमी हिमपात की सूचना है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टॉल फ्री नंबर 1077 या फिर दूरभाष नंबर 01902-225630, 31,32 अथवा 33 पर संपर्क करें।
