केप टाउन टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के गेम प्लान का हिस्सा था बॉल टैंपरिंग।
मौजूदा सीरीज 1-1 से बराबर है और इस मैच के बाद एक टेस्ट और खेला जाना बाकी है।
(एनएलएन मीडिया- न्यूज लाइव नाऊ) केप टाउन: क्रिकेट में बॉल टैंपरिंग का जिन एक बार फिर बाहर आ गया है। इस बार ऑस्ट्रेलियाई टीम इसके चंगुल में फंस गई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को शनिवार को केप टाउन टेस्ट में किसी पीले रंग की चीज से बॉल के साथ छेड़छाड़ करता पाया गया। इस घटना के बाद कंगारू कप्तान स्टीव स्मिथ ने मीडिया के सामने आकर माना कि कंगारू टीम से बॉल टैपरिंग कोई भूलवश नहीं हुई है बल्कि यह उसके गेम प्लान का हिस्सा था। बॉल टैंपरिंग को गेम प्लान का हिस्सा बताकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की साख पर बट्टा जरूर लगा है। स्टीव स्मिथ ने माना कि उनकी टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ बॉल से छेड़छाड़ कर उन्हें धोखा देना चाहती थी और पूरी टीम को इसके बारे में जानकारी थी। कंगारू टीम ने बॉल के साथ छेड़छाड़ करने की यह जिम्मेदारी अपने खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सौंपी थी। बैनक्रॉफ्ट जब बॉल के साथ यह हरकत कर रहे थे, तब टीवी कैमरे ने उन्हें पकड़ लिया। यह खिलाड़ी गेंद को चिपचिपे टेप से रगड़ रहा था। कैप्टन स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट ने बाद में अपनी इस गलती को स्वीकार भी कर लिया। जब अंपायर को बैनक्रॉफ्ट की हरकत पर संदेह हुआ तो उन्होंने उस संदिग्ध वस्तु (टेप) को अपने पजामे के अंदर छिपाने की कोशिश भी की। केप टाउन में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट में तीसरे दिन लंच के खेल तक ऑस्ट्रेलिया बैकफुट पर नजर आ रही थी। साउथ अफ्रीका अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम पर 100 रन की बढ़त बना चुकी थी और उसका सिर्फ 1 ही खिलाड़ी आउट था। यहां से अफ्रीकी टीम कंगारू टीम पर बड़े टारगेट की ओर जाती दिख रही थी। उधर कंगारू टीम को बॉल से भी कोई मदद नहीं मिल रही थी। अभी मौजूदा सीरीज 1-1 से बराबर है और इस मैच के बाद एक टेस्ट और खेला जाना बाकी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया का अपनी इस चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम से पिछड़ जाना सीरीज गंवाने का खतरा बन सकता था। इसको ध्यान में रखते हुए स्मिथ और टीम के सीनियर्स खिलाड़ियों ने योजना बनाई कि जब उनकी टीम खेल के नए सत्र में उतरेगी, तो वह बॉल के साथ छेड़छाड़ करेंगे। स्मिथ ने किसी खिलाड़ी का नाम तो नहीं बताया, लेकिन योजना में शामिल खिलाड़ियों को ‘लीडरशिप ग्रुप’ का नाम दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम का बॉल से छेड़छाड़ करने का मकसद यह था कि गेंद रिवर्स स्विंग हो और उनके बोलर्स इस मैच में टीम के लिए कुछ खास कर पाएं। स्मिथ ने यह भी बताया कि टीम के खिलाड़ियों के अलावा कोचिंग स्टाफ के किसी भी सदस्य को इस बात की जानकारी नहीं थी। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को टीम के किट बैग से पीली रंग की टेप मिली। इसके बाद कंगारू टीम ने तय किया कि अगर गेंद पर लगी मिट्टी को वे इस टेप की मदद से हटा दें और फिर गेंद की शाइन को चमकाएं, तो उन्हें कछ मदद मिल सकती है। इसके बाद टीम ने यह जिम्मेदारी टीम के युवा खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सौंप दी। ऑस्ट्रेलिया के ओपनिंग बल्लेबाज बैनक्रॉफ्ट अपने करियर का 8वां टेस्ट मैच ही खेल रहे हैं। बैनक्रॉफ्ट को यह जिम्मेदारी इसलिए दी गई क्योंकि जब कंगारू टीम के सीनियर खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में जब यह योजना बना रहे थे, तो बैनक्रॉफ्ट वहीं आसपास मौजूद थे और टीम लीडरशिप ने उन्हें ही ऐसा करने को कहा। दिन का खेल खत्म होने के बाद बैनक्रॉफ्ट ने अपनी गलती मानते हुए कहा, ‘मैं गलत समय पर गलत जगह था इसलिए मैंने यह कर दिया।’ हालांकि बैनक्रॉफ्ट ने इस बात से साफ इनकार कर दिया कि टीम ने उन पर ऐसा करने के लिए कोई दबाव बनाया था। बैनक्रॉफ्ट को यह जिम्मेदारी इसलिए दी गई क्योंकि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने माना कि जब टीम मैदान पर होगी, तो बैनक्रॉफ्ट पर कैमरे की इतनी नजरें नहीं होंगी क्योंकि वह टीम में अभी नया ही है। इसलिए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंप दी गई। टीम के थिंक टैंक को वह इस लिहाज से उपयुक्त दिखाई दिए। बैनक्रॉफ्ट ने इस टेप को अपने ट्राउजर की जेब में छिपा लिया और इस जब भी उन्हें मौका मिलता वह मिट्टी के कुछ कण इक्ट्ठा कर टेप पर भी चिपका रहे थे। जब गेंद उनके पास आई, तो उन्होंने बॉल टैंपरिंग के मकसद से चलाकी से गेंद पर टेप को रगड़ दिया। बैनक्रॉफ्ट ने अपना काम भले ही सफाई से किया हो, लेकिन टीवी कैमरा ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद बड़ी टीवी स्क्रीन पर इसका प्रसारण बार-बार किया गया। टीवी पर यह घटना क्लॉज अप के साथ स्लो मोशन में कई कई बार प्रसारित की गई। इसके बाद बैनक्रॉफ्ट अपने कृत्य पर शर्मसार भी दिख रहे थे और टीवी पर यह फुटेज भी दिखाई गई। जब मैदान पर मौजूद अंपायरों ने बैनक्रॉफ्ट से इस संबंध में पूछताछ की, तो बैनक्रॉफ्ट ने उस संदिग्ध चीज (टेप) को अपने ट्राउजर के भीतर छिपा दिया। इसके बाद उन्होंने अंपायर को अपने सनग्लासिस का बैग दिखाया। लेकिन जब वह टेप को अपने अंडरवेअर में छिपाने का प्रयास कर रहे थे, तो भी कैमरे ने उन्हें पकड़ लिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद स्टीव स्मिथ अपने खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे, तो यहां उन पर इसी से संबंधित सवाल किए गए। स्मिथ ने यहां कहा कि जो भी हुआ वह सब टीवी कैमरा में रिकॉर्ड हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण मैच है और जब गेंद से हरकत होती नहीं दिख रही थी, तो टीम के खिलाड़ियों ने कुछ ऐसा करने के फैसला लिया, जिससे वह खेल में वापसी कर सकें।