क्या 31 अक्टूबर से बंद हो जाएगी एयर इंडिया ?
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'कंपनी के नाम से एक फर्जी अधिसूचना प्रसारित की जा रही है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : एयर इंडिया को पहली अक्टूबर से बंद किए जाने की सोशल मीडिया में चल रही चर्चाओं को एयर इंडिया ने झूठी और बेबुनियाद बताते हुए नजरअंदाज करने की अपील की है।एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘कंपनी के नाम से एक फर्जी अधिसूचना प्रसारित की जा रही है। जिसमें ऐसे समय में एयर इंडिया को 1 अक्टूबर से बंद किए जाने का झूठा प्रचार किया जा रहा है जब हमारा प्रदर्शन लगातार सुधर रहा है। यह पूरी तरह गलत और झूठी है और ऐसा एयर इंडिया को अस्थिर करने की दुर्भावना नीयत से किया जा रहा है। इस प्रकार के नकली संदेशों को पूरी तरह खारिज करना चाहिए तथा आगे प्रसारित नहीं किया जाना चाहिए।’वहीं, नागरिक विमानन मंत्रालय ने एयर इंडिया को बंद किए जाने के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही फर्जी अधिसूचना के स्रोत की जांच के आदेश दिए हैं। एयर इंडिया पहले ही इसे फर्जी करार चुकी है। हालांकि एयर इंडिया ने 24 अगस्त को ही इसे बेबुनियाद बताते हुए नजरअंदाज करने की अपील की थी। लेकिन इसका प्रसार अब भी जारी है। एयर इंडिया के स्पष्टीकरण के बावजूद अफवाह जारी रहने से परेशान नागरिक विमानन मंत्रालय ने इस फर्जी अधिसूचना के स्रोत का पता लगाने के लिए एक समिति का गठन किया है।