ग्रेटर नोएडा से लापता हुआ कश्मीरी छात्र बिलाल आतंकी संगठन में हुआ शामिल
बीते रविवार (28 अक्टूबर) को वह दिल्ली से लापता हुआ था। उसके पिता ने ग्रेटर नोएडा के अलावा खानयार पुलिस स्टेशन में भी गुमशुदुगी की रिपोर्ट कराई थी।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : जम्मू कश्मीर और यूपी पुलिस के साथ सुरक्षा एजेंसियां ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी के जिस लापता छात्र एहतेशाम बिलाल का पता लगाने में जुटी हैं, वह शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एसाल्ट राइफल थामे इस्लामिक स्टेट ऑफ जम्मू कश्मीर (आइएसजेके) नामक आतंकी संगठन के आतंकी के रूप में दिखा। पुलिस ने हालांकि कहा है कि जांच पूरी होने तक इस विषय में कुछ कहना ठीक नहीं है। आइएसजेके को आतंकी संगठन आइएस का अनुषांगिक संगठन माना जाता है। इससे जुड़े पांच आतंकी बीते एक साल में मारे गए हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर में एहतेशाम एसाल्ट राइफल और दूसरी में आइएसजेके के कलमा लिखे बैनर के साथ है। खानयार (श्रीनगर) का रहने वाला एहतेशाम चार अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी परिसर और हॉस्टल में छात्रों की मारपीट में जख्मी हुआ था। बीते रविवार (28 अक्टूबर) को वह दिल्ली से लापता हुआ था। उसके पिता ने ग्रेटर नोएडा के अलावा खानयार पुलिस स्टेशन में भी गुमशुदुगी की रिपोर्ट कराई थी। पुलिस ने दो दिन पहले बताया था कि उसके मोबाइल फोन की रविवार को उसकी लोकेशन दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और उसके बाद उत्तरी कश्मीर में सोपोर की मिली थी, लेकिन परिजनों ने इसे नहीं माना। एहतेशाम पर पत्थरबाजी के मामले भी दर्ज रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर शुक्रवार को उस लापता कश्मीरी लड़के की तथाकथित तस्वीरों को पोस्ट किया गया, जो उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक निजी विश्वविद्यालय से लापता हो गया था। पोस्ट में दावा किया गया कि वह घाटी में आतंकवादी समूह में शामिल हो चुका है।