(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी भले ही नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध आने वाले चुनावों में अपनी पूरी तैयारी के साथ उतरने वाली हो लेकिन उसके लिए चुनावों से काफी पहले जो रुझान आ रहे हैं वो न सिर्फ झटके के समान हैं बल्कि आत्ममंथन का भी विषय है। विदित हो कि पिछले कुछ समय पहले ही कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार प्रदेश के प्रवक्ता ने कांग्रेस के खिलाफ कड़े शब्दों का प्रयोग करते हुए पार्टी छोड़ दी थी । अब हरियाणा और कर्नाटक से भी लगभग वैसे ही समाचार हैं। ज्ञात हो कि हरियाणा में कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं करनाल के पूर्व सांसद अरविंद शर्मा शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। भाजपा मुख्यालय में पार्टी के महासचिव अनिल जैन और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने श्री शर्मा को अंगवस्त्र पहना कर भाजपा में उनका स्वागत किया। श्री खट्टर ने कहा कि श्री शर्मा एक कर्मठ व्यक्ति हैं और आशा है कि वह कंधे से कंधा मिला कर पार्टी के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेंगे। वहीँ उधर दूसरी खबर कर्नाटक से है जो कांग्रेस के लिए किसी भी हाल में अच्छी नहीं कही जा सकती है । कर्नाटक में कांग्रेस के दिवंगत नेता एमएच अम्बरीश की पत्नी व फिल्म अभिनेत्री सुमालता ने आज बीजेपी नेता एसएम कृष्णा से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि वे दृढ़ता से इसकी घोषणा करेंगी कि 18 मार्च को क्या करने जा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी ने मंड्या लोकसभा सीट जेडीएस को देकर अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को नीचा दिखाया है।