(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर में हैं, जहां उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान जम्मू के विजयपुर में उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया और पूर्व की सरकारों को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कश्मीरी पंडितों का भी मामला उठाया। पूर्व की कांग्रेस सरकार का घेराव करते हुए पीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने केवल देश की जनता की जरूरतों और संवेदनाओं को अनदेखा किया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि किसानों पर छह लाख करोड़ का कर्ज था। किसानों की आंखों में धूल झोंकी गर्इ, लेकिन माफ किया तो 52 हजार करोड़। जब सीएजी ने जांच की तो उनमें भी 35 लाख लोग फर्जी थे। वे कौन लोग थे, वे कौन सा पंजा था जो खजाना खाली कर गया, वह रुपया कहां गया, यह मुझे बताने की जरुरत नहीं है। जिनकी तब कर्ज माफी हुई , वह फिर कर्जदार बन गए। जब दस साल पूरे हुए तो कांग्रेस को एक बार फिर कर्ज माफी का बुखार नजर आता है। पिछली सरकार में देश की आवश्यकताओं और भावनाओं को नजरअंदाज करने की प्रवृत्ति थी, इससे आप अच्छी तरह वाकिफ हैं। उदाहरण के लिए करतारपुर कॉरिडोर को लें। अगर उन्होंने ध्यान दिया होता तो गुरु नानक देव की भूमि भारत का हिस्सा होती। कश्मीरी पंडितों के गौरव को बहाल किया जाएगा। उनकी पीड़ा मेरे मन में रही है। श्रीनगर में बांदीपुर और गांदरबल में ट्रांजिट एकोमोडेशन की योजना लागू होगी। पीएम ने कहा कि एम्स के बनने से स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी तो होगी ही साथ ही जल्द ही जम्मू-कश्मीर में पांच और मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। पहले यहां के छात्रों के लिए 500 मेडिकल सीटें होती थीं, पर भाजपा सरकार ने इसे जल्द ही दोगुना करने का निर्णय लिया है। साथ ही आइआइएम और आइआइटी पर भी काम चल रहा है। शिक्षण संस्थानों में 25 फीसद सीटें बढ़ेंगी। मोदी ने उनकी सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए गए अंतिम बजट को गरीब और किसान के विकास को गति देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को हर वर्ष 6 हजार रुपये मिलेंगे। 75 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के खाते में पहुंचेंगे।