‘जवानों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने से नहीं रोक सकते : बिपिन रावत
आगे उन्होंने कहा कि अगर आप सैनिकों के स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने को रोक नहीं सकते हैं, तो बेहतर होगा कि इसकी अनुमति दे दी जाए।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने जवानों के सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने सवाल पूछने के अंदाज में कहा कि क्या कोई किसी सैनिक को स्मार्टफोन रखने से मना कर सकता है? सेना प्रमुख मंगलवार को राजधानी दिल्ली में सोशल मीडिया और आम्ड फोर्सेज विषय पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘हमें सुझाव मिले हैं कि हमें अपने सैनिकों को सलाह देनी चाहिए कि वे सोशल मीडिया से दूर रहें। लेकिन क्या आप किसी सैनिक को स्मार्टफोन रखने से मना कर सकते हैं?आगे उन्होंने कहा कि अगर आप सैनिकों के स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने को रोक नहीं सकते हैं, तो बेहतर होगा कि इसकी अनुमति दे दी जाए। लेकिन अनुशासन लागू करना भी महत्वपूर्ण है। जनरल रावत ने कहा कि आज के समय में जंग की रणनीति के लिहाज से इन्फो वॉरफेअर महत्वपूर्ण है और इसके तहत हमने आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) के बारे में बात करना शुरू कर दिया है।जनरल रावत ने आगे कहा, ‘अगर हमें अपने फायदे के लिए आर्टिफिशल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करना है, तो सोशल मीडिया से जुड़ना होगा।’ उन्होंने कहा कि बहुत कुछ जो हम आर्टिफिशल इंटेलिजेंस से पाना चाहते हैं, वह सोशल मीडिया के जरिए मिलेगा।जनरल रावत ने माना कि सोशल मीडिया का दौर रहने वाला है और कहा कि हमारे सैनिक इसका इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हमारे विरोधी सोशल मीडिया का इस्तेमाल मनोवैज्ञानिक जंग और छल के लिए करते हैं। लेकिन हमें अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल करना है।