जानिए क्यों वाराणसी से वापसी के दौरान रास्ते में रूक गई ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’
रेलवे के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, “वाराणसी से नई दिल्ली आ रही 'वंदे भारत एक्सप्रेस' संभवत: किसी पशु के रेलवे लाइन से गुजरने के कारण रुक गयी।”
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : देश की पहली इंजन रहित अत्याधुनिक सेमी हाई स्पीड रेलगाड़ी ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ वाराणसी से राष्ट्रीय राजधानी लौटते समय शनिवार को रास्ते में ही रुक गयी। रेलगाडी तड़के उत्तर प्रदेश में टूंडला रेलवे स्टेशन के पास रुक गयी।रेलवे के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, “वाराणसी से नई दिल्ली आ रही ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ संभवत: किसी पशु के रेलवे लाइन से गुजरने के कारण रुक गयी।” प्रवक्ता ने यह भी कहा कि फिलहाल यह ट्रेन ट्रायल रन पर है और आम जनता के लिए इसे 17 फरवरी से खोला जाएगा।अपने पहले दिन के सफर पर ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ शुक्रवार (15 फरवरी) की रात 9.50 बजे वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वाराणसी जंक्शन पर इस ट्रेन के स्वागत के लिए स्टेशन पर हजारों लोग उमड़ पड़े। हालांकि ट्रेन को रात्रि आठ बजे के आसपास वाराणसी पहुंचना था। पर कानपुर और इलाहाबाद में ट्रेन के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम के कारण सफर में थोड़ा विलंब हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को राजधानी स्थित नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।