दिखा पाकिस्तान का दोगला चेहरा: पाक के मंत्री ने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के साथ मंच साझा किया।
वायरल फोटो में हाफिज सईद और कादरी के पीछे एक बैनर लगा है, जिसमें कश्मीर, पाकिस्तान की सुरक्षा और भारत से खतरा जैसी बातों का जिक्र किया गया है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पाकिस्तान में इमरान सरकार के एक मंत्री 26/11 हमलों के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद के साथ मंच साझा करते नजर आए। इसी के साथ संयुक्त राष्ट्र में किए पाकिस्तान के उस दावे की पोल खुल गई, जिसमें आतंक के खिलाफ लड़ने की बात कही गई थी। भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पहले ही पाक के दावे को झुठलाते हुए कहा था कि हाफिज सईद जैसे आतंकी वहां खुला घूमता है और रैलियां करवाता है। पाकिस्तान सरकार में धार्मिक मामलों के मंत्री नूर उल हक कादरी रविवार को दिफा-ए-पाकिस्तान काउंसिल की बैठक में पहुंचे थे। यह काउंसिल पाक की 40 राजनीतिक और धार्मिक पार्टियों का गठबंधन है। काउंसिल कट्टरपंथी मसलों पर अपनी नीति बनाने के लिए जाना जाता है। हाफिज को इस मीटिंग में भाषण देने के लिए बुलाया गया था। वायरल फोटो में हाफिज सईद और कादरी के पीछे एक बैनर लगा है, जिसमें कश्मीर, पाकिस्तान की सुरक्षा और भारत से खतरा जैसी बातों का जिक्र किया गया है। यूएन महासभा में अपने भाषण के दौरान सुषमा ने हाफिज सईद का नाम लेकर पाकिस्तान पर आतंक को पनाह देने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि 9/11 के आरोपी ओसामा को सजा मिल गई, लेकिन 26/11 का मास्टरमाइंड आतंकी पाकिस्तान में खुलेआम घूमता है और रैलियां करता है। उन्होंने पाक पर भारतीय सेना के खिलाफ हमलों को अंजाम देने का आरोप लगाया था। सुषमा ने कहा था कि इन हालातों में भारत और पाक के बीच बातचीत नहीं बढ़ाई जा सकती। हाफिज सईद आतंकी संगठन जमात-उद-दावा का चीफ है। ये एक दूसरे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का को-फाउंडर भी है। इन दोनों संगठनों का भारत में कई आतंकी हमलों में हाथ पाया गया है। हाफिज सईद मुंबई के 26/11 हमले का मास्टरमाइंड है। इन हमलों में 6 अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोग मारे गए थे।