पाकिस्तानी : संसद में इमरान खान की पार्टी तहरीक ए इंसाफ़ को मिलीं 33 सुरक्षित सीटें
निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने हुए आम चुनाव में मिली सीटों के आधार पर विभिन्न पार्टियों को सुरक्षित सीटों का आवंटन किया है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : निर्वाचन आयोग ने इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ को महिलाओं के लिए 28 और गैर-मुस्लिमों के लिए पांच सुरक्षित सीटों का आवंटन किया है। इस तरह नेशनल असेंबली में पीटीआइ के सदस्यों की संख्या 158 हो गई है। सामान्य बहुमत के लिए उसे अब सिर्फ 14 सांसदों की जरूरत होगी।निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने हुए आम चुनाव में मिली सीटों के आधार पर विभिन्न पार्टियों को सुरक्षित सीटों का आवंटन किया है। नेशनल असेंबली में 60 सीटें महिलाओं और 10 सीटें अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं। पीटीआइ को महिलाओं की सुरक्षित सीटों में पंजाब से 16, सिंध से चार, खैबर पख्तूनख्वा से सात और बलूचिस्तान से एक सीट का आवंटन किया गया।अल्पसंख्यकों के कोटे से पीटीआइ को पांच, पीएमएल-एन को दो, पीपीपी को दो और मुत्तहिदा मजलिस-ए-अमल को एक सीट दी गई। सरकार चलाने के लिए इमरान को अब भी निर्दलीय सांसदों और छोटी पार्टियों के समर्थन की दरकार होगी।