पाकिस्तान ने क्रीक इलाके में बनाए 20 समुद्री पोस्ट: रिपोर्ट

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। पाकिस्तान की चालबाजी इस बार गुजरात सीमा से सटे इलाके में दिखाई पड़ रही है। बीएसएफ ने गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट दी है जिसमें कहा गया है क्रीक इलाके में पाकिस्तान नए नए कंस्ट्रक्शन कर रहा है। पाकिस्तान क्रीक इलाके में 20 से ज्यादा पाकिस्तान मरीन की पोस्ट बना रहा है। सूत्रों ने जानकारी दी है कि पाकिस्तान भारत के गुजरात बॉर्डर के सामने शाह बॉर्डर पर ऐसे नए नए पाक मरीन के पोस्ट बना रहा है। इससे पहले खुफिया एजेंसियों ने भी जानकारी दी थी कि पाकिस्तान जिवानी से लेकर सरक्रीक तक के इलाके में अपनी नेवी के 8 नए ऑब्जरवेशन पोस्ट बना रहा है ताकि वो काफी दूर तक भारतीय नेवी और कोस्टगार्ड की गतिविधियों पर नजर रख सके। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान इसके जरिये भारतीय नौसेना के जंगी जहाजों और कोस्ट गार्ड पर नजर रखेगा। सरक्रीक सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम है। यही वजह है कि पाकिस्तान इस तरीके के निर्माण कार्य कर रहा है। बीएसएफ ने ये रिपोर्ट गृह मंत्रालय को दी है जिसमें  सिलसिलेवार पाक मरीन के 20 नए स्ट्रक्चर की जानकारी दी गई है। सुरक्षा महकमे से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तान नेवी अपनी बदली हुई रणनीति के तहत सरक्रीक में अपनी ताकत बढ़ा रहा है जहां पिछले कुछ महीनों में कई एडवांस्ड लैंडिंग हेलीकॉप्टर बेस बनाए गए हैं। वहीं पाकिस्तानी नेवी ने अब नए नए ऑब्जरवेशन पोस्ट भी बना लिए हैं। इन घटनाक्रमों से ये साफ हो जाता है कि पाकिस्तान सरक्रीक के इस पूरे इलाके को कितनी गंभीरता से ले रहा है। देखा जाए तो सरक्रीक से सटे कराची का नेवल बेस है और ऐसे में कराची बेस को ज्यादा सुरक्षित करने के लिए पाकिस्तान नेवी सरक्रीक में अपनी उपस्थित बढ़ा रही है। भविष्य में भारत से संभावित युद्ध की स्थिति में पाकिस्तान अपने नेवल बेस को और मजबूत करना चाहता है। सरक्रीक के इस दलदली इलाके की निगहबानी बीएसएफ के क्रोकोडाइल कमांडो करते हैं। भारत पाक सीमा से जुड़ा कच्छ का इलाका गुजरात में मौजूद है। यहां का हरामी नाला घुसपैठियों के लिए हमेशा से मुफीद रास्ता रहता है। यही वजह है कि बीएसएफ के क्रीक कमांडो इस पूरे इलाके की निगरानी चौबीसों घंटे करते हैं। बीएसएफ 85 किलोमीटर लंबे इस क्रीक बॉर्डर को गार्ड करते हैं। यहां पर बीएसएफ ऑल टेरेन वेहिकल (ATVs) और फास्ट अटैक क्राफ्ट के साथ साथ आधुनिक हथियारों से लैस बोट का इस्तेमाल करते हैं। पाकिस्तान की अभी तक इस इलाके में कभी भी जुर्रत नहीं हुई है कि किसी तरीके से बीएसएफ से उलझ जाए। मगर इस समय पाकिस्तान अपने मरीन विंग को इस इलाके में काफी बढ़ा रहा है। पाक का मकसद क्या है, ये कहना मुश्किल है पर पाकिस्तान की जो फितरत रही है उससे साफ जाहिर हो रहा है कि क्रीक इलाके में उसके इरादे नेक नहीं हैं। पाकिस्तान के इस छिपे इरादे को भांपते हुए भारतीय सुरक्षा तंत्र अलर्ट पर है और पाक की हर एक हरकत की पल पल जानकारी दी जा रही है।

Leave A Reply