पीएम मोदी 29 अगस्त से करेंगे फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत।
29 अगस्त को विश्व खेल दिवस भी है। इसी के चलते अभियान की शुरुआत इसी दिन की जा रही है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पीएम मोदी देश की जनता के स्वास्थ्य के लिए नई मुहीम शुरू करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त को फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत करेंगे। इसका मकसद देश के नागरिकों और विशेष रूप से छात्रों के दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधि/खेल को विकसित करना है। यह कार्यक्रम दूरदर्शन पर लाइव दिखाया जाएगा। फिट इंडिया कार्यक्रम को देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी बड़ी स्क्रीन पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। विद्यार्थियों को यह कार्यक्रम दिखाने के लिए कॉलेज और विश्वविद्यालयों में बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसी दिन विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को फिटनेस शपथ भी दिलाई जाएगी। 29 अगस्त को विश्व खेल दिवस भी है। इसी के चलते अभियान की शुरुआत इसी दिन की जा रही है। फिट इंडिया मूवमेंट अभियान के तहत हर कॉलेज और विश्वविद्यालय को 15 दिवसीय फिटनेस प्लान भी तैयार करना होगा और बाकायदा उसे अपने कॉलेज या विश्वविद्यालय के पोर्टल, वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। फिट इंडिया मूवमेंट को लेकर बाकायदा मंत्रालय की ओर से पीएम द्वारा उद्बोधित एक प्रोमो भी जारी किया है, जिसमें पीएम खुद 29 अगस्त को होने वाले अभियान से जुड़ने की बात लोगों से कर रहे हैं। प्रोमो में पीएम की ओर से कहा गया है कि वह खुद 29 अगस्त को इस विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे और देश के हर व्यक्ति को इस अभियान से जोड़ेंगे। 29 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को लेकर हर कॉलेज और विश्वविद्यालय द्वारा एक शार्ट वीडियो क्लिप भी प्रोग्राम की तैयार करनी होगी। इसके अलावा कुछ फोटोग्राफ भी बनवाने होंगे। कार्यक्रम को लेकर हर कॉलेज और विश्वविद्यालय को फिटनेश शपथ, लोगो के साथ पूरा प्रचार करना होगा और प्रचार सामग्री को शिक्षण संस्थान में विभिन्न जगहों पर लगाना होगा। इसके अलावा फिट इंडिया मूवमेंट को लेकर कॉलेज या विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से व्याख्यान, रैली, रन फाॅर फन जैसी एक्टिविटी कार्रवाई जाएंगी। यह देश के युवाओं और जनता की फिटनेस सुधरने की ओर बड़ी मुहीम होगी।