बोपन्ना-शरण ने टेनिस में जीता गोल्ड, एशियाड में पहली बार भारत को एक दिन में दो स्वर्ण मिले

बोपन्ना ने पहली बार एशियाई खेलों में स्वर्ण जीता। दिविज का एशियाड में यह दूसरा पदक है। वे 2014 में युकी भांबरी के साथ कांस्य जीत चुके हैं

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : एशियाड में भारत ने शुक्रवार को टेनिस में पुरुष युगल स्पर्धा में स्वर्ण जीता। रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने कजाखस्तान के डेनिस येवशेयेव और एलेक्जेंडर बब्लिक को 6-3, 6-4 से हराया। भारतीय जोड़ी ने 52 मिनट में खिताबी मुकाबला जीता। भारत ने एशियाड में पुरुष युगल में आठ साल बाद स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले 2010 में इंचियोन एशियाड में सोमदेव देववर्मन और सनम सिंह ने स्वर्ण जीता था। बोपन्ना ने पहली बार एशियाई खेलों में स्वर्ण जीता। दिविज का एशियाड में यह दूसरा पदक है। वे 2014 में युकी भांबरी के साथ कांस्य जीत चुके हैं। बोपन्ना और शरण ने पहले सेट में अच्छी शुरुआत की। उन्होंने कजाखस्तान के खिलाफ 3-0 से बढ़त बनाई। हालांकि, प्रतिद्वंद्वी टीम ने अच्छी वापसी की और स्कोर 5-3 कर लिया, लेकिन भारतीय जोड़ी ने अगला गेम जीतकर पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में भारतीय जोड़ी संघर्ष करती दिखी। एक समय वह 1-2 से पिछड़ गई थी। हालांकि, इसके बाद बोपन्ना और शरण ने स्कोर 3-3 से बराबर किया। शानदार वापसी करते हुए 4-3 से बढ़त हासिल की। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को सिर्फ एक सेट जीतने दिया और 6-4 से मुकाबला अपने नाम किया। इन एशियाई खेलों में भारत का टेनिस में यह दूसरा पदक है। गुरुवार को अंकिता रैना ने महिला एकल में कांस्य पदक जीता था। एशियाड में टेनिस में भारत के लिए सबसे ज्यादा पदक महेश भूपति और लिएंडर पेस की जोड़ी ने जीते हैं। भूपति और पेस की जोड़ी ने 2002 और 2006 में स्वर्ण पदक जीते थे।

Leave A Reply