ब्रह्मपुत्र नदी में नाव डूबने से तीन की हुई मौत, 11 अभी भी लापता
घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे बैस्य ने जानकारी दी कि नाव पर 18 मोटरसाइकिलें लदी थीं और इस पर केवल 22 लोगों के सवार होने की क्षमता थी
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : ब्रह्मपुत्र नदी में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने से एक नाव डूब गई। इससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग लापता बताए गए हैं। कामरूप के उपायुक्त कमल कुमार बैस्य के अनुसार दस लोगों को बचा लिया गया, जबकि 12 अन्य खुद तैरकर किनारे पर आ गए।बताया जा रहा है कि नाव में 36 लोग सवार थे और वह फैंसी बाजार फेरी घाट से गुवाहाटी के कामरूप जिले से उत्तर दिशा की ओर जा रही थी, तभी उसके इंजन में खराबी आ गई और नाव अश्वलांता मंदिर के तट के पास एक चट्टान से टकरा गई। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे बैस्य ने जानकारी दी कि नाव पर 18 मोटरसाइकिलें लदी थीं और इस पर केवल 22 लोगों के सवार होने की क्षमता थी।उन्होंने बताया कि राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और कॉटन स्टेट यूनिवर्सिटी की एक छात्रा सहित दो शवों को बरामद कर लिया गया है। एक छात्रा की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हो गई, जबकि यूनिवर्सिटी के चार अन्य छात्र भी लापता हैं।