भारतीय जेल में जन्मी पाक की हिना, 11 साल बाद अपने देश लौटी

अटारी :डिजाइनर सूट पहने, हाथों में मेहंदी लगाये 11 साल की हिना गुरुवार को पहली बार अपने देश पाकिस्तान का झंडा हाथ में लिये खुशी-खुशी अटारी बॉर्डर से अपनी मातृभूमि की ओर रवाना हो गई। भारतीय जेल में जन्मी हिना अपनी मां फातिमा और चाची मुमताज के साथ गुरुवार को 10 दूसरे पाकिस्तानियों के साथ जेल की सजा से मुक्ति मिली और वे सभी अपने देश की ओर लौट गए।

पाकिस्तान रेंजरों ने हिना के साथ सभी 10 पाकिस्तानियों का स्वागत किया। उन्होंने हिना को पाकिस्तानी झंडा दिया। उनके पिता सैफुल रहमान की आंखों से अपनी बेटी को पहली बार देखकर खुशी के आंसू झलक गये। फातिमा, मुमताज के साथ उनकी मां राशिदा 8 मई 2006 को स्मलिंग के आरोप में अटारी बॉर्डर पर गिरफ्तार किए गए थे।

फातिमा, मुमताज और राशिदा को नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टन्स (एनडीपीएस) ऐक्ट के गिरफ्तार किया गया था। राशिदा की अमृतसर सेंट्रल सिक्यॉरिटी जेल में 21 मई 2008 को मौत हो गई थी। उनके पार्थिव शरीर को पाकिस्तान को सौंप दिया गया था।

फातिमा और मुमताज ने नवंबर 2016 में अपनी 10 साल की सजा पूरी कर ली थी लेकिन दो-दो लाख रुपये का आर्थिक दंड न भर पाने की वजह से उनकी सजा एक-एक साल के लिए बढ़ा दी गई थी। ऐसे में बाटला स्थित एनजीओ ह्यूमनिटी क्लब ने पाकिस्तानी महिलाओं की मदद की और कुल 4 लाख रुपये का आर्थिक भरा गया और दोनों को जेल से आजाद किया गया।

Leave A Reply