राहुल मंदिर में ऐसे बैठे जैसे नमाज पढ़नी हो: योगी

लखनऊ : गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का विभिन्न मंदिरों और मस्जिदों में जाना सबने जाना . अब योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी को तो यह तक नहीं पता कि मंदिरों में बैठते कैसे हैं।

योगी ने बनारस का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल मंदिर में ऐसे बैठे जैसे नमाज पढ़ने बैठे हों। योगी आदित्यनाथ यूपी निकाय चुनाव के लिए एक चैनल द्वारा आयोजित परिचर्चा में बोल रहे थे। योगी ने कहा कि ‘राहुल गांधी गुजरात में जगह-जगह मंदिरों में भटक रहे हैं। मैं खुश हूं कि इसी बहाने इनकी बुद्धि शुद्ध हो रही है।

पुजारी को समझाना पड़ा कि यह मंदिर है, मस्जिद नहीं:योगी

योगी ने कहा कि राहुल से पूछा जाना चाहिए जिस सरकार में उनकी माता जी सुपर पीएम थीं। उसी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र दिया था कि राम और कृष्ण काल्पनिक हैं। जब ये काल्पनिक हैं तो राहुल मंदिरों में क्या कर रहे हैं।’ योगी ने कहा कि मुझे तो राहुल पर हंसी आती है। यूपी सीएम बोले, ‘उनको यह तक नहीं मालूम की मंदिरों में कैसे बैठा जाता है। काशी विश्वनाथ मंदिर में गए तो ऐसे बैठे जैसे नमाज पढ़ने के लिए बैठे हों। पुजारी को समझाना पड़ा कि यह मंदिर है, मस्जिद नहीं।

योगी ने निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि विरोधी पहले ही मैदान छोड़ चुके हैं। वे लोग बेरोजगार होकर अपराध की ओर न जाएं इसलिए हमने उन्हें घर बैठकर ट्वीट करने का मौका दिया है। पूर्व सरकार पर हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि अखिलेश सरकार ने योजनाओं को अधूरा छोड़ दिया था। हमने रात-दिन मेहनत करके उन योजनाओं को पूरा किया, अगर सपा की सरकार होती तो यह काम छह महीने क्या छह साल में भी पूरे नहीं होते।

सीएम के सरकारी आवास पर इफ्तार मनाने के सवाल पर योगी ने कहा कि प्रदेश अगर अपने को सेक्युलर कहता है तो हमें प्रदेश को वैसे ही चलाना होगा। मेरी आस्था जिस पर है, मैं वैसे ही काम करूंगा। कोई मुझ पर अपनी आस्था थोप नहीं सकता। मैं सभी त्योहार अपने आवास पर मनाने की इजाजत नहीं दे सकता। उन लोगों को (मुसलमानों) को सुरक्षा देना मेरा कर्तव्य है, जिसका निर्वाह मैं अंतिम क्षणों तक करूंगा।

Leave A Reply