लगातार सातवें दिन भी पाकिस्तान द्वारा किया गया संघर्ष विराम का उल्लंघन, गोलाबारी में हुई एक 8 महीने के बच्चे की मौत

अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सुचेतगढ़ के नागरिकों का कहना कि गोलाबारी लगातार जारी है, हम बहुत डरे हुए हैं और रात में सो नहीं सकते हैं।

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : पाकिस्तान की ओर से लगातार सात दिन से संघर्ष विराम तोड़ा जा रहा है। पाक सेना अरनिया और अरएसपुरा सेक्टर में मंगलवार रातभर से गोलाबारी कर रही है। भारतीय सेना इसका माकूल जवाब दे रही है। इससे पहले सोमवार को उसकी ओर से इंटरनेशनल बॉर्डर और एलओसी पर चौकियों और रिहायशी इलाकों पर गोले दागे गए। इसमें पल्लांवाला सेक्टर के शेरपलाई इलाके में घर के बाहर सो रहे आठ महीने के एक बच्चे की मौत हो गई। अरनिया सेक्टर में एक पुलिस अफसर समेत छह लोग जख्मी हुए। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सुचेतगढ़ के नागरिकों का कहना कि गोलाबारी लगातार जारी है, हम बहुत डरे हुए हैं और रात में सो नहीं सकते हैं। हम अपने मवेशियों को चराने नहीं ले जा सके। हम सरकार से इस संकट का हल निकालने या फिर कुछ इंतजाम करने की अपील करते हैं। गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि ये पूरी दुनिया देख रही है। ये दुखद है, हमारे जवान खामोश नहीं बैठेंगे पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देंगे। सोमवार को विक्रम, चिनाज और निकोवाल सीमा पर स्थित बीएसएफ की पोस्ट के साथ अन्य स्थानों पर भी मोर्टार दागे गए थे। अरनिया पुलिस स्टेशन पर मोर्टार गिरने से एसपीओ गुरुचरण सिंह जख्मी हो गए थे। बीएसएफ ने भारतीय सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई का वीडियो जारी किया था। इसमें पाकिस्तानी चौकियां तबाह होते दिख रही थी। सेना ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के रेंजर्स भी मारे गए थे। बीएसएफ के मुताबिक, पाकिस्तान ने 16 और 17 मई की रात को हीरानगर, अरनिया और आरएसपुरा सेक्टर में सीजफायर वॉयलेशन किया। इसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था और एक अफसर समेत 7 जवान जख्मी हुए थे। चार नागरिकों की भी जान चली गई थी। पाकिस्तान ने शुक्रवार को उलटा भारत पर सीजफायर वॉयलेशन करने का आरोप लगाया था। उसने भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को बुलाकर आपत्ति जताई थी।

Leave A Reply