लालू की पटना में ‘बीजेपी भगाओ, देश बचाओ’ रैली

पटना के गांधी मैदान में आज आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की ‘देश बचाओ, बीजेपी भगाओ’ रैली में विपक्ष की एकता देखने को मिलेगी. इस रैली के माध्यम से लालू और उनका परिवार केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे. लालू यादव और उनका परिवार गांधी मैदान पहुंचे चुका है. शरद यादव भी गांधी मैदान पहुंच चुके हैं. विपक्ष के कई नेता रैली में शामिल होने के लिए मंच पर पहुंच चुके हैं. लालू यादव, शरद यादव, मीसा, राबड़ी देवी, तेजस्वी, तेज प्रताप, डी राजा, हनुमंत राव, एलांगोवन मंच पर मौजूद हैं. मंच पर लालू ने शरद यादव को गले लगाया. अखिलेश यादव भी मंच पर पहुंच चुके हैं.

लालू ने कहा कि इस रैली का ऐलान तीन महीने पहले किया था. उस समय हम महागठबंधन में थे. उस समय बेरोजगारी, भुखमरी, नोटबंदी और जीएसटी के खिलाफ रैली का ऐलान किया था, पर अब पलटू राम की वजह से हम बाहर हैं. यह आरजेडी की रैली है. अब हम सरकार से बाहर हैं. हमारे पास ज्यादा मुद्दे हैं. नीतीश कुमार हमारे निशाने पर हैं.

लालू ने कहा कि रैली में सभी विपक्ष के नेता शामिल हो रहे हैं. शरद यादव, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी आ रही हैं. सोनियाजी बीमार हैं, उनका रिकॉर्डेड भाषण आ रहा है. राहुल गांधी विदेश में हैं. मायावती व्यतिगत कारणों से नहीं आ रही हैं. उनकी नहीं आने की वजह अखिलेश नहीं हैं.

लालू ने कहा कि रैली को विफल बनाने के लिए बाढ़ लाया गया. बांध कटवाया गया. बाढ़ का कोई असर नही पड़ेगा. मेरी रैली पहले से तय थी, ऐसे में बाढ़ आ गई. नरेंद्र मोदी ने 500 करोड़ रुपया बाढ़ राहत में देकर बिहार को दुख दिया है.

आरजेडी की ‘देश बचाओ, बीजेपी भगाओ’ रैली की तैयारियां जोरों पर है. लालू के छोटे बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव खुद रैली की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. रैली को लेकर पूरा पटना पार्टी के हरे रंग के बैनर और पोस्टर से पटा है. शहर में कई जगह तोरणद्वार लगाए गए हैं. लालू और तेजस्वी के बड़े-बड़े होर्डिंग्स से पटना रंगा नजर आ रहा है.

बाढ़ प्रभावित जिलों से भी पहुंच रहे समर्थक

राज्यभर से आरजेडी के तमाम समर्थकों का पटना में जुटान शुरू हो गया है. राज्य के 20 जिलों में बाढ़ की भीषण विभीषिका आई हुई है मगर उसके बावजूद भी कोशिश की जा रही है कि इन प्रभावित जिलों से भी आरजेडी के ज्यादा से ज्यादा समर्थकों को पटना के गांधी मैदान में रैली के लिए बुलाया जाए. राज्य के चारों तरफ से बसों, ट्रेनों, निजी वाहनों के अलावा नाव से भी समर्थकों को पटना लाया जा रहा है.

Leave A Reply