लोकसभा चुनाव 2019 : आज होगा 20 प्रदेशों की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान
पहले चरण के मतदान में जिन प्रमुख नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जायेगी उनमें केन्द्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजिजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी शामिल हैं।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 20 प्रदेशों की 91 लोकसभा सीटों और चार राज्यों की विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली है। इन लोकसभा सीटों पर कुल 1279 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।पहले चरण के मतदान के लिए आयोग ने सभी जरूरी प्रबंध किए जाने का भरोसा दिलाया है। पहले चरण के मतदान में जिन प्रमुख नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जायेगी उनमें केन्द्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजिजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी शामिल हैं।इस चरण में रालोद के अजीत सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालयान से है जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केन्द्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं। लोजपा प्रमुख और केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सांसद पुत्र चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से उम्मीदवार हैं।
पहले चरण में छत्तीसगढ़ की नक्सली हिंसा प्रभावित बस्तर सीट पर भी मतदान होगा। चुनाव का विरोध कर रहे नक्सलियों ने बस्तर के दंतेवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर हमला किया था। इसमें दंतेवाड़ा के भाजपा विधायक सहित अर्धसैनिक बल के पांच जवान शहीद हो गए थे। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिसा में विधानसभा चुनाव भी होगा। इस दौरान आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों, सिक्किम की 32 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। आंध्र प्रदेश से अलग होकर 2014 में तेलंगाना राज्य की स्थापना होने के बाद आंध्र प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। राज्य की सभी 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गुरुवार को ही मतदान संपन्न हो जाएगा।